2 News : इनके साथ अमेरिका घूम रहीं सामंथा ने शेयर की तस्वीरें, शनाया के साथ इंटीमेट सीन पर ऐसा बोले विक्रांत

मशहूर साउथ इंडियन एक्ट्रेस सामंथा रूथ प्रभु पिछले कुछ समय से लगातार अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। सामंथा ने हाल ही अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड और मशहूर डायरेक्टर राज निदिमोरू के साथ यूएसए वेकेशन की अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। इनसे डेटिंग की अफवाहों को और हवा मिल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल ये तस्वीरें फैंस का ध्यान खींच रही हैं। यूजर्स मान रहे हैं कि सामंथा ने अपने रिलेशनशिप को ऑफिशियल कर दिया है। सामंथा ने इंस्टाग्राम पर डेट्रॉयट वेकेशन की तस्वीरें साझा की हैं। इनमें उनकी राज के साथ नजदीकियां साफ झलक रही हैं।

एक फोटो में सामंथा और राज दोस्तों के साथ खाने का आनंद लेते नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में राज, सामंथा को करीब रखते हुए कैमरे के लिए पोज दे रहे हैं। हालांकि सामंथा ने कैप्शन में रिश्ते को लेकर कोई संकेत नहीं दिया। उन्होंने बस इतना लिखा, 'डेट्रॉयट।' सामंथा और राज को इस साल की शुरुआत में तिरुपति बालाजी मंदिर में एक साथ देखा गया था, जहां उन्होंने राज के प्रोडक्शन की फिल्म 'शुभम' की रिलीज से पहले पूजा की थी। दोनों ने 'द फैमिली मैन 2' और 'सिटाडेल : हनी बनी' में साथ काम किया है। वे अब 'रक्त ब्रह्मांड' में जादू चलाएंगे।

उल्लेखनीय है कि सामंथा ने साल 2017 में साउथ एक्टर नागा चैतन्य के साथ गोवा में भव्य शादी की थी, लेकिन 2021 में उनका तलाक हो गया। नागा ने पिछले साल दिसंबर में एक्ट्रेस शोभिता धुलिपाला से शादी कर ली। दूसरी ओर, राज की शादी श्यामाली डे के साथ हुई थी। कथित तौर पर साल 2022 में उनका तलाक हो चुका है। श्यामाली ने तब से राज के साथ कोई तस्वीर साझा नहीं की और उनकी आखिरी पोस्ट उनकी शादी की सालगिरह की थी। हालांकि राज और श्यामाली दोनों ने ही अलग होने पर कोई बयान नहीं दिया है।
शनाया कपूर और विक्रांत मैसी की मूवी ‘आंखों की गुस्ताखियां’ इस दिन हो रही रिलीज

एक्टर संजय कपूर की बेटी शनाया 'आंखों की गुस्ताखियां' मूवी से डेब्यू करने जा रही हैं। इसमें उनके अपोजिट ‘12वीं फेल’ फेम एक्टर विक्रांत मैसी हैं। फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दोनों कलाकार इसका जोर-शोर से प्रमोशन कर रहे हैं। हाल ही इस फिल्म का ट्रेलर सामने आया था, जिसमें दोनों के बीच कई इंटीमेट सीन नजर आए। अब इन सीन को लेकर विक्रांत ने खुलकर बात की और बताया कि वो शूट के दौरान काफी कंफर्टेबल थे।

विक्रांत ने फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में कहा कि हम लोगों ने पहले इसके बारे में बात की थी। मुझे लगता है कि ये एक ट्रस्ट वाली बात होती है जो आप एक वक्त के बाद डवलप करते हो। मुझे कई बार ऐसा लगा कि हम दोनों एक ही तरह के लोग हैं। एक्टिंग वर्कशॉप के अलावा बात करें तो चाहे फिर वो ब्लाइंड स्कूल की बात हो या फिर वो चैलेंजेज जो आप बतौर एक्टर फेस करते हो।

उसके अलावा जब हम लोग एक-दूसरे को एक्टर के तौर पर नहीं विक्रांत और शनाया के तौर पर जानने लगे तो उसने हम दोनों को क्लोज आने में मदद की। हम लोग काफी भूखे एक्टर्स हैं। हम लोगों को अपना बेस्ट देना था। उसका सिर्फ एक ही तरीका है कि आप एक-दूसरे के ऊपर विश्वास करते हो। इसके अलावा कोई और ऑप्शन नहीं था क्योंकि दोनों की आंखों पर पट्टी बंधी थी, तो इस तरह से हम लोगों को एक-दूसरे से बेस्ट निकलवाना था।