सुपरस्टार सलमान खान अपने काम के साथ परिवार के सदस्यों को भी बराबर तवज्जो देते हैं। सलमान के लिए हर रिश्ता मायने रखता है। वे अपने माता-पिता के साथ भाई-बहनों और उनके बच्चों पर बराबर प्यार लुटाते नजर आते हैं। अब सलमान ने अपनी मां सलमा खान को सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत पोस्ट के साथ खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। सलमान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर कैप्शन लिखा, “मम्मी जी जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, मदर इंडिया, हमारी दुनिया।”
शेयर किए गए वीडियो में सलमा अपने सबसे छोटे बेटे एक्टर व फिल्ममेकर सोहेल खान के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। सलमान की यह पोस्ट देख फैंस और सेलेब्स भी इमोशनल हो रहे हैं। सोहेल ने भी इस वीडियो को साझा कर लिखा, “जन्मदिन की शुभकामना मदर इंडिया।” इस पोस्ट पर सोहेल की भाभी व अरबाज खान की पत्नी शूरा खान ने दिल वाली इमोजी डाल प्यार लुटाया। अरबाज ने वीडियो को इंस्टा स्टोरी पर साझा कर “मां” लिखा। सलमान ने कुछ समय पहले पिता सलीम खान के साथ भी दो तस्वीरें शेयर की थीं।
तस्वीरों के साथ सलमान ने लिखा, “डैड की पहली बाइक, ट्रायम्फ टाइगर 100,1956.” सलमान के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे इन दिनों 'सिकंदर' की शूटिंग में बिजी हैं। फिल्म अगले साल ईद पर रिलीज होगी। इसमें सलमान के अपोजिट ‘एनिमल’ फेम एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना हैं। इसके डायरेक्टर एआर मुरुगादॉस हैं। फिल्म का निर्माण नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के साजिद नाडियाडवाला कर रहे हैं। सलमान 25 दिसंबर को रिलीज हो रही वरुण धवन की मूवी ‘बेबी जॉन’ में कैमियो करते दिखेंगे। साथ ही सलमान रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ भी होस्ट कर रहे हैं।
विक्की कौशल और कैटरीना कैफ 2 दिन तक राजस्थान में रुकेएक्ट्रेस कैटरीना कैफ और एक्टर विक्की कौशल की शादी को सोमवार (9 दिसंबर) को 3 साल पूरे हो गए। उन्होंने अपनी शादी की तीसरी सालगिरह राजस्थान के एक निजी होटल में सेलिब्रेट कर जवाई लेपर्ड क्षेत्र में सफारी की। वे यहां 2 दिन तक होटल में रुके। सालगिरह के लिए पाली जिले के जवाई बांध क्षेत्र के एक होटल में विशेष प्रबंध किए गए थे। होटल को लालटेन की रोशनी से सजाया गया।
सूत्रों के अनुसार होटल में जैसलमेर के नामचीन संगीत कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के दौरान कपल के साथ फोटो व वीडियो शूट किया। कैटरीना व विक्की ने सफारी के दौरान धूप सेवन करते हुए लेपर्ड को देखा और सफारी जिप्सी को रोक लेपर्ड की फोटो भी ली। कैटरीना ने अपने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, “दिल तू, जान तू…” इससे पहले कैटरीना ने कई फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि जंगल में 48 घंटे। कैटरीना पीले रंग की ड्रेस और नर्डी ग्लासेस पहने हुए नजर आईं। विक्की मूंछों में जंच रहे थे।
उन्होंने कैजुअल टी-शर्ट पहनी थी। दोनों ने जवाई लेपर्ड क्षेत्र में पशुपालकों से चर्चा कर भेड़पालकों के साथ फोटो खिंचवाए। उन्होंने मक्की के सोगरे, कढ़ी, गुड़ का स्वाद लिया। कच्ची रसोईघर में मौजूद लोगों ने ‘खम्मा घणी’ की तो कपल ने भी ‘खम्मा घणी सा’ बोल खुशी जताई। उल्लेखनीय है कि विक्की-कैटरीना ने शादी भी राजस्थान में ही की थी। उनकी शादी सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा स्थित एक किले में हुई थी।