फिल्म जागृति के दौरान एक ऐसा हादसा हुआ जिसे अभिनेता अशोक सर्राफ आज तक नहीं भूल पाए। हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे एक सीन की शूटिंग के दौरान सलमान खान ने गलती से उनके गले पर असली चाकू इतनी जोर से दबा दिया कि वहां गहरी चोट लग गई थी। यह घटना उनके ज़ेहन में आज भी ताज़ा है, लेकिन उन्हें शक है कि सलमान खान को इसकी याद भी होगी।
जब सीन बना असली खतरारेडियो नशा के इंटरव्यू में अशोक सर्राफ ने उस पल को याद करते हुए कहा, “सीन के दौरान सलमान मेरे गले पर चाकू रखे हुए थे और वो चाकू रियल था। उसकी धार की नोक मेरे गले को चीरती चली गई। जैसे ही मैंने डायलॉग बोलना शुरू किया, मुझे खतरनाक अहसास हुआ। मैंने खुद को थोड़ा हटाने की कोशिश की क्योंकि सलमान काफी जोर से दबा रहे थे। मैंने कहा, ‘थोड़ा धीरे करो, कट लग रहा है’, तो सलमान ने पूछा, ‘अब क्या करें?’”
कैमरे की एंगल बनी मुश्किलअशोक ने आगे बताया, “मैंने उन्हें सलाह दी कि चाकू को उल्टा पकड़ो, लेकिन उन्होंने कहा कि इससे कैमरे में वो पकड़ दिख जाएगी। मैंने भी कहा कि चलो जैसे चल रहा है, करते हैं। सीन खत्म हुआ तो देखा कि गले पर गहरी कट थी। मैं सोच रहा था कि अगर नस कट जाती तो जाने क्या हो जाता। आज भी वो पल दिमाग से नहीं गया, लेकिन सलमान को शायद ही ये सब याद हो। वो ऐसे इंसान नहीं हैं जो ऐसी बातें याद रखें।”
'जागृति' की कहानी क्या थी?जागृति 3 जून 1992 को रिलीज़ हुई एक एक्शन-ड्रामा फिल्म थी, जिसमें सलमान खान, करिश्मा कपूर और अशोक सर्राफ मुख्य भूमिकाओं में थे। अशोक सर्राफ फिल्म में मुख्य खलनायक सेवालाल के किरदार में नजर आए थे। कहानी एक ईमानदार कस्टम अधिकारी विशाल की हत्या से शुरू होती है, जिसे सेवालाल मरवा देता है।
विशाल का छोटा भाई जुगनू (जिसे सलमान खान ने निभाया) भी हमले का शिकार होता है, लेकिन वह चमत्कारी ढंग से बच जाता है। उसे एक आदिवासी समुदाय अपने पास रखता है और उसे प्रशिक्षित करता है। जुगनू बड़ा होकर अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए लौटता है।
फिल्मी हादसा, जिसे कलाकार नहीं भूलतेभले ही जागृति दर्शकों के बीच ज़्यादा चर्चा में न रही हो, लेकिन इसके सेट पर घटी ये असली घटना अशोक सर्राफ के लिए ज़िंदगीभर की याद बन गई। उनका यह अनुभव बताता है कि फिल्मों की दुनिया में हर सीन के पीछे कई बार जान का जोखिम भी छिपा होता है।