अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान खान ने कुछ समय पहले डंब बिरयानी नाम का पॉडकास्ट शुरू किया था। इसके फाइनल एपिसोड में अरहान के ताऊ सलमान खान पहुंचे। उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर बात की। सलमान ने कहा कि जब मैंने इंडस्ट्री में कदम रखा था, तो मेरे पिता ने मुझसे कहा था, क्या तुम एक्शन कर सकते हो? मैंने उनसे कहा, हां कर सकता हूं। उन्होंने मुझसे कहा, क्या तुम 10 लोगों को मारोगे, क्या तुम कन्विंसिंग लगोगे? इस पर मैंने कहा नहीं। फिर उन्होंने पूछा, क्या तुम लॉयर बन सकते हो? मैंने कहा नहीं। उन्होंने कहा, क्या तुम पुलिस वाले बन सकते हो? मैंने कहा नहीं।
उन्होंने पूछा, मोहल्ले के दादा बन सकते हो? मैंने फिर कहा नहीं। ये सुनकर उन्होंने कहा, ज्यादा से ज्यादा हुआ तो एक-दो लव स्टोरी आ जाएगी तुम्हारे पास। इसके बाद मैंने पूरे समय एक्शन की ट्रेनिंग ली। मैंने लोकल गुंडे का रोल निभाया, फिर मैं वकील के किरदार में दिखा। मैंने पुलिस वाले का किरदार भी निभाया और साथ में रोमांस वाली फिल्में भी चल ही रही थीं। लेकिन उनकी वो बात मेरे दिमाग में अटक गई थी।
तो तुम्हारे लिए मेरी एडवाइस ये है कि अगर तुम या कोई भी इंडस्ट्री में आता है, तो उन्हें ये समझना चाहिए कि इंडस्ट्री में टाइगर श्रॉफ है, वरुण धवन है, सिद्धार्थ मल्होत्रा, रणबीर है, तो क्या तुम उनसे बेहतर हो? अगर नहीं तो तुम्हारा लक्ष्य यही होना चाहिए कि मुझे इनसे बेहतर बनना है, यही मेरा लक्ष्य है। मैं फिल्म इंडस्ट्री में अब तक इसलिए सर्वाइव कर सका हूं क्योंकि मैंने अपने सीनियर्स और जूनियर्स से सीखा है।
सलमान ने अरहान को दी अपने पैरों पर खड़े होने की सलाहइसी दौरान सलमान ने रिश्तों और उनमें धोखेबाजी को लेकर भी बात की। उन्होंने मलाइका संग अरबाज के तलाक का भी जिक्र किया और अरहान के लिए कहा कि उसने लाइफ में बहुत कुछ झेला है। फिर सलमान ने अरहान को सलाह दी कि उन्हें जिंदगी में खुद ही अपने पैरों पर खड़े होना है। सलमान ने पूछा कि अरहान क्या करना चाहता है? जवाब में दोस्तों ने बताया कि वह एक रेस्टोरेंट खोलना चाहता है।
यह सुनकर सलमान हैरान रह गए और कहा कि अगर तुम रेस्टोरेंट चलाना चाहते हो तो उन सब क्लासेज का क्या, जो तुमने जॉइन की थीं? फाइटिंग और जिमनास्टिक्स जो तुम कर रहे थे, उसका रेस्टोरेंट में क्या करोगे? तुम्हारे मॉम और पापा के अलग हो जाने के बाद तुम्हें खुद अपने दम पर खड़े होना होगा। एक दिन तुम्हारा अपना परिवार और यूनिट होगी। तो तुम्हें अपना परिवार बनाने के लिए इसी पर काम करना होगा। परिवार के साथ लंच और डिनर करने का कल्चर हमेशा बना रहना चाहिए।
परिवार का एक मुखिया हमेशा होना चाहिए, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि अरबाज और मलाइका ने 12 दिसंबर 1998 को शादी की थी। यह उनकी लव मैरिज थी पर साल 2017 में उनका तलाक हो गया। अरबाज ने साल 2023 के अंत में शूरा खान के साथ शादी कर ली। दूसरी ओर मलाइका का पिछले साल कई सालों के रिलेशनशिप के बाद अर्जुन कपूर से ब्रेकअप हो गया।