सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान हाल ही काजोल और ट्विंकल खन्ना के प्राइम वीडियो टॉक शो ‘टू मच’ में बतौर गेस्ट पहुंचे। शो का पहला एपिसोड गुरुवार (25 सितंबर) को स्ट्रीम हुआ। इस दौरान सलमान ने अपनी बीमारी ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया को लेकर खुलकर बात की। सलमान ने कहा कि इस दर्द के साथ जीना ही पड़ता है। जैसे बहुत लोग बाईपास सर्जरी, हार्ट की दिक्कत और दूसरी बीमारियों के साथ जीते हैं। जब मुझे ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया हुआ था तो वह दर्द इतना भयानक था कि आप अपने सबसे बड़े दुश्मन को भी वह दर्द नहीं देना चाहेंगे। यह दर्द मुझे साढ़े सात साल तक रहा।
हर 4-5 मिनट में दर्द उठता था। यह अचानक हो जाता था बात करते-करते भी। मुझे यह दर्द पहली बार मेरी फिल्म ‘पार्टनर’ की शूटिंग के दौरान हुआ था। मैं शूटिंग कर रहा था और लारा दत्ता वहां पर थीं। उसने मेरे चेहरे से एक बाल हटाया और मुझे दर्द हुआ। मैंने मजाक में कहा, ‘वाओ लारा, तुम तो इलेक्ट्रिफाइंग हो!’ तभी यह दर्द शुरू हुआ। अब यह दर्द खत्म हो चुका है। यह सबसे भयानक दर्द है। इसे सुसाइडल डिजीज कहा जाता है। इस बीमारी की वजह से सबसे ज्यादा लोग आत्महत्या कर लेते हैं। मैं इस बारे में अपना अनुभव बताता हूं ताकि लोग इस बीमारी के बारे में जान सकें।
उल्लेखनीय है कि ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया एक गंभीर न्यूरोपैथिक दर्द की स्थिति है, जो चेहरे की नस ट्राइजेमिनल नर्व को प्रभावित करती है। यह नस चेहरे के दोनों तरफ संवेदनाओं को नियंत्रित करती है, जैसे माथा, गाल, जबड़ा, होंठ और आंखों के आस-पास। इसमें चेहरे के किसी हिस्से में अचानक, तेज और झटकेदार दर्द होता है। यह दर्द कुछ सैकंड से लेकर कुछ मिनट तक रह सकता है और दिन में कई बार अटैक हो सकते हैं। शुरुआत में यह हल्के दर्द के साथ हो सकता है, लेकिन समय के साथ दर्द तीव्र और असहनीय हो जाता है।
सलमान खान ने कहा, काजोल के पिता शोमू मुखर्जी और हम बहुत करीब थे…बातचीत के दौरान सलमान ने काजोल के पिता फिल्म निर्माता शोमू मुखर्जी के साथ अपने रिश्ते को याद किया, जिनका साल 2008 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। सलमान ने कहा कि काजोल के पिता और हम बहुत करीब थे, बहुत करीब। वे हफ्ते में लगभग दो बार घर आते थे। दरअसल अपने निधन से ठीक दो दिन पहले वे आए थे। वे उस दिन हमेशा की तरह अपनी लुंगी पहने हुए आए थे। हालांकि वे बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे थे और उनकी तबीयत ठीक नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘यार, एक ड्रिंक पिला।’ मैंने जवाब दिया, ‘नहीं, शोमू दा, मैं…’ लेकिन उन्होंने जिद की, ‘मैं कुछ दिनों में जा रहा हूं। एक मेरे को पिला दे।’ मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं। उन्होंने फिर कहा, ‘पिला यार।’ तो मैंने उनके लिए एक ड्रिंक बनाई और 2 दिन बाद उनकी मौत हो गई। सलमान के वर्कफंट पर नजर डालें तो वे इन दिनों बिग बॉस 19 को होस्ट करते दिख रहे हैं। इसके अलावा वे अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग को लेकर भी बिजी हैं। सलमान की पिछली फिल्म मार्च में ईद पर रिलीज हुई ‘सिकंदर’ थी।