सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा ने एक्टिंग की दुनिया में रखा कदम, भाई के किरदार में दिखाया जबरदस्त अंदाज, वीडियो हो रहा वायरल

सलमान खान के खासमखास और सालों से उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले बॉडीगार्ड शेरा अब सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं रहे। पहली बार उन्होंने परदे पर एक दमदार अभिनय से सभी को चौंका दिया है। दरअसल, शेरा ने एक किराना डिलीवरी ऐप के रक्षाबंधन कैंपेन में एक 'भाई' के रोल में अपना एक्टिंग डेब्यू किया है। उनका यह एड रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। फैन्स न सिर्फ उनके अभिनय की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि उनके 'भाई' वाले अंदाज को दिल से स्वीकार कर रहे हैं।

रक्षाबंधन स्पेशल कैंपेन में निभाया भाई का किरदार

इंस्टामार्ट के नए रक्षाबंधन एड में शेरा उन महिलाओं के लिए ‘भाई’ बनते दिखते हैं, जिन्हें मदद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। वह कभी किसी लड़की को बारिश में ऑटो दिलाते हैं, तो कभी एक छात्रा को परेशान करने वाले लड़के से उसकी रक्षा करते हैं। एड में उनका डायलॉग, मैं शेरा, भाई का बॉडीगार्ड, रक्षा करता हूं, इसलिए हर रक्षाबंधन पर जो लड़कियों के पास भाई नहीं होता, वो मुझे अपना भाई बना लेती हैं, दिल को छू जाता है।
सोशल मीडिया पर मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

इस एड की शुरुआत में शेरा इंस्टामार्ट की स्कूटी पर बैठते नजर आते हैं और कहते हैं, भाई, बस 10 मिनट में आया। इसके बाद वे एक-एक करके ज़रूरतमंद महिलाओं की मदद करते हैं और लोगों को प्रेरित करते हैं कि अगर आप पहले से ही भाई-बहन हैं तो इस रक्षाबंधन अपनी ‘ड्यूटी’ जरूर निभाएं। इस वीडियो को शुक्रवार को जैसे ही रिलीज किया गया, इंस्टाग्राम के फैन पेज और मार्केटिंग अकाउंट्स ने इसे हाथों-हाथ शेयर करना शुरू कर दिया। रातोंरात शेरा का यह नया अवतार वायरल हो गया और कई यूज़र्स ने उनकी तुलना युवराज सिंह और मीका सिंह जैसे सेलेब्स से कर डाली।

कौन हैं शेरा?

शेरा का असली नाम गुरमीत सिंह जॉली है और वे 1995 से सलमान खान के साथ निजी सुरक्षा अधिकारी के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने टाइगर सिक्योरिटी नामक कंपनी भी शुरू की, जो बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को सिक्योरिटी सर्विस देती है। 2017 में जब जस्टिन बीबर मुंबई आए थे, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी शेरा के कंधों पर ही थी।
बॉडीबिल्डिंग से शुरू हुआ सफर

शेरा की कहानी महज एक बॉडीगार्ड की नहीं, बल्कि एक समर्पित, मेहनती और भरोसेमंद शख्स की है। 1987 में उन्होंने 'मुंबई जूनियर' बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता का खिताब जीता था और 1988 में 'मिस्टर महाराष्ट्र जूनियर' में रनर-अप रहे। 1990 के दशक की शुरुआत में उन्होंने सिक्योरिटी प्रोफेशन में कदम रखा और फिर बहुत जल्द सलमान खान की सुरक्षा टीम का अहम हिस्सा बन गए।

भाई की छवि में सबका दिल जीता

शेरा का यह रक्षाबंधन वाला किरदार उनकी रियल लाइफ छवि से मेल खाता है। वे न केवल सलमान के लिए सुरक्षा का कवच हैं, बल्कि हर उस शख्स के लिए भरोसे का नाम बन चुके हैं जो उनसे जुड़ता है। एड के ज़रिए उन्होंने यह साबित कर दिया कि दिल से निभाया गया हर किरदार, असली या परदे पर, दर्शकों का दिल जीत सकता है।