सुपरस्टार आमिर खान के बेटे जुनैद इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘लवयापा’ को लेकर लाइमलाइट में हैं। इस बीच बुधवार (5 फरवरी) को इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग की गई। इस मौके पर आमिर के दोस्त शाहरुख खान और सलमान खान सहित बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचे। तीनों खान के बीच गजब की कैमेस्ट्री नजर आई। बहुत कम मौकों पर फैंस को इन तीनों सुपरस्टार को एक जगह देखने का मौका मिलता है। तीनों ही 30 साल से भी ज्यादा समय से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
इवेंट में जहां शाहरुख ने आमिर को किस किया, वहीं सलमान को उन्हें गले लगाते देखा गया। शाहरुख-सलमान ने आमिर और उनके बेटे जुनैद के साथ ढेरों तस्वीरें क्लिक कराईं। वहां के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। वीडियो में आमिर को शाहरुख का बड़ी मुस्कान के साथ स्वागत करते हुए देखा गया और दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया। शाहरुख ने जुनैद और उनकी बहन आयरा को भी गले लगाया और एक-दूसरे से कुछ मजेदार पल साझा किए। दोनों सुपरस्टार ने खुशी-खुशी कैमरों के सामने पोज दिए।
यह दोनों सुपरस्टार के री-यूनियन का एक यादगार नजारा बन गया। शाहरुख स्क्रीनिंग में कैजुअल लुक में पहुंचे। वे ब्लू शर्ट, जींस और ब्लैक सनग्लासेस में बेहद कूल लग रहे थे। शाहरुख से पहले सलमान भी जुनैद का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। सलमान को आमिर और उनके बच्चों के साथ पैपराजी के सामने पोज देते हुए देखा गया, जिससे यह खान परिवार के लिए एक खास पल बन गया।
7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी जुनैद-खुशी की मूवी ‘लवयापा’स्क्रीनिंग में खान तिकड़ी के साथ फिल्मों में नजर आ चुकीं जूही चावला, सिंगर व रैपर हनी सिंह, अर्जुन कपूर और जान्हवी कपूर जैसे सेलेब्स भी नजर आए। जूही ने आमिर और जुनैद के साथ पोज दिए। बता दें आमिर के परिवार ने इससे पहले मुंबई के बांद्रा में स्क्रीनिंग होस्ट की थी। बुधवार को जुहू में भी दूसरी स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी।
इसमें फिल्म की लीड एक्ट्रेस खुशी कपूर के परिवार वाले और खास दोस्तों ने शिरकत की। 'लवयापा' की बात करें तो अद्वैत चंदन निर्देशित यह मूवी एक रोमांटिक ड्रामा है। फिल्म की कहानी एक असामान्य स्थिति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक लड़की का पिता अपनी बेटी और उसके बॉयफ्रेंड को उनके आपस में फोन बदलने के लिए मजबूर करता है, जिससे उनके रिश्ते में नया मोड़ आता है।
‘लवयापा’ 7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह जुनैद और खुशी की थिएटर्स में पहुंचने वाली पहली फिल्म है। खुशी ने साल 2023 में ‘द आर्चीज’ और जुनैद ने साल 2024 में ‘महाराज’ फिल्म के साथ एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। दोनों फिल्में ही ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थीं।