बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफर तय करने के बाद अहान पांडे और अनीत पड्डा की डेब्यू फिल्म सैयारा अब ओटीटी पर भी दर्शकों का दिल जीत रही है। नेटफ्लिक्स पर इसके हालिया प्रीमियर के साथ ही दर्शकों के बीच इसे देखने की होड़ लग गई है। आलोचनाओं के बावजूद सोशल मीडिया पर लोग फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे और कई इसे दोबारा-तीनबारा देख रहे हैं।
नेटफ्लिक्स पर छाई सैयारा12 सितंबर से सैयारा नेटफ्लिक्स पर 190 देशों में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। थिएटर में फिल्म न देख पाने वाले दर्शकों ने ओटीटी पर इसे खूब सराहा। नेटिज़न्स के रिव्यू से साफ है कि यह म्यूजिकल ड्रामा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सुपरहिट हो चुका है।
एक यूज़र ने लिखा – “सैयारा का सबसे बड़ा जादू इसका संगीत और भावनाएं हैं, खासकर आखिरी 20 मिनट। अहान और अनीत की एक्टिंग और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री जबरदस्त है। ‘हमसफ़र’ और टाइटल ट्रैक ‘सैयारा’ तो दिल में उतर जाते हैं।”
दूसरे यूज़र का कहना था – “सैयारा को तीसरी बार देख रहा हूं और अब भी हर सीन ताजगी से भरपूर लगता है। यह वाकई एक बेहतरीन म्यूजिकल ड्रामा है।”
फैंस के दिल छूने वाले रिव्यूएक दर्शक ने लिखा – “कैमरा वर्क और सिनेमैटोग्राफी कमाल की है। एल्बम तो मास्टरपीस है। फिल्म से साफ झलकता है कि यह मोहित सूरी का एक विज़नरी प्रोजेक्ट था। अनीत, तुमने सचमुच अपना जादू चला दिया।”
दूसरे ने शेयर किया – “थिएटर में देखते वक्त आंखें नम नहीं हुई थीं, लेकिन ओटीटी पर दोबारा देखने के बाद रो पड़ा। आखिरी क्रिकेट सीन बहुत इमोशनल था।”
एक और यूज़र ने तंज कसते हुए लिखा – “कुछ लोग बेकार रील्स की वजह से थिएटर में फिल्म को नज़रअंदाज़ कर बैठे। अब नेटफ्लिक्स पर यह जरूर देखनी चाहिए।”
सैयारा की खासियतमोहित सूरी के निर्देशन में बनी सैयारा अहान पांडे और अनीत पड्डा की लॉन्च फिल्म है। रिलीज़ के साथ ही इसने 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रिकॉर्ड बना दिया और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय रोमांटिक फिल्म बन गई।
फिल्म की कहानी कृष कपूर (अहान पांडे) नामक एक संघर्षरत म्यूज़िशियन की है, जिसकी मुलाकात महत्वाकांक्षी पत्रकार और कवियत्री वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) से होती है। दोनों साथ काम करते हुए नजदीक आते हैं और फिर उनके बीच गहरा रिश्ता बनता है। अहान और अनीत की ताज़गी भरी केमिस्ट्री ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
फिल्म में वरुण बडोला, राजेश कुमार, गीता अग्रवाल, आलम खान और शैन ग्रोवर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई इस फिल्म ने ओटीटी पर भी अपनी जीत की कहानी लिख दी है।