सिनेमाघरों में धमाकेदार सफलता हासिल करने के बाद अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर फिल्म ‘सैयारा’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों से जबरदस्त प्यार पाने वाली इस फिल्म की कहानी और संगीत ने लोगों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। अब इसे आप अपने घर की आरामदायक सीट पर बैठकर भी एंजॉय कर पाएंगे। फिल्म 12 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। यानी दर्शकों को बस चार दिन का इंतजार और करना होगा।
थिएटर से ओटीटी तक का सफर18 जुलाई 2025 को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई ‘सैयारा’ ने रिलीज के पहले ही दिन से चर्चा बटोरनी शुरू कर दी थी। जिन दर्शकों से यह फिल्म सिनेमाघरों में छूट गई थी, उनके लिए अब इसे घर पर देखने का शानदार मौका है। हालांकि, फिल्म देखने के लिए नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन होना जरूरी होगा।
बॉक्स ऑफिस पर ‘सैयारा’ का जलवामोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बजट 40 से 50 करोड़ रुपये बताया जाता है। इसके बावजूद ‘सैयारा’ ने रिकॉर्डतोड़ 576 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर डाला। इसने साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल किया। फिल्म को यशराज फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है और इसकी कहानी को 2004 में रिलीज हुई कोरियन फिल्म ‘ए मोमेंट टू रिमेंबर’ से प्रेरित माना जाता है।
किरदार और कलाकारकहानी में अहान पांडे ने स्ट्रगल कर रहे संगीतकार कृष कपूर की भूमिका निभाई है, जबकि अनीत पड्डा ने वाणी बत्रा का किरदार निभाया है, जो एक संकोची लेकिन संवेदनशील कवयित्री है। दोनों के बीच प्यार पनपता है, मगर हालात ऐसी करवट लेते हैं कि उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। इसके बावजूद अंत में प्यार हर मुश्किल को मात दे देता है।
फिल्म में मुख्य जोड़ी के अलावा गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, वरुण बडोला, शाद रंधावा, आलम खान, शान ग्रोवर और नील भूपालम जैसे कलाकार भी अहम सहायक भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। इन सभी ने अपनी अदाकारी से फिल्म को और भी मजबूत बनाया है।