बॉक्स ऑफिस पर छाई 'सैयारा', छठे दिन ही 150 करोड़ के पार पहुंची कमाई

फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाते हुए दर्शकों के दिलों के साथ-साथ कमाई के आंकड़ों में भी ज़बरदस्त झंडे गाड़ दिए हैं। रिलीज़ के महज 6 दिन के भीतर ही फिल्म ने 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसे साल की सबसे तेज़ी से कमाने वाली फिल्मों में शुमार कर देता है।

बुधवार को भी रही बंपर कमाई, अब तक का टोटल कलेक्शन 153.25 करोड़

बॉक्स ऑफिस पर बुधवार को भी फिल्म की पकड़ मज़बूत रही और खबर लिखे जाने तक 21 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया। इस तरह अब तक 'सैयारा' की कुल कमाई 153.25 करोड़ पहुंच चुकी है। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने 'तू झूठी मैं मक्कार' (147.28 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है।

अब 'रॉकी और रानी...' को पछाड़ने की तैयारी

अब फिल्म की नज़रें रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' पर हैं, जिसने भारत में 153.55 करोड़ का कलेक्शन किया था। 'सैयारा' के इस रफ्तार को देखते हुए यह रिकॉर्ड सातवें दिन ही टूट सकता है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में 'रॉकी और रानी...' ने 357.5 करोड़ कमाए थे, और 'सैयारा' भी उस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।

हर दिन की कमाई का लेखा-जोखा

पहले दिन: 21.5 करोड़

शनिवार: 26 करोड़

रविवार: 35.75 करोड़

सोमवार: 24 करोड़

मंगलवार: 25 करोड़

बुधवार (अब तक): 21 करोड़

फिल्म की कहानी और लोगों की प्रतिक्रिया

'सैयारा' की कहानी एक युवा म्यूजिशियन कृष कपूर (अहान पांडे) और एक जर्नलिस्ट वाणी (अनीत पड्डा) के बीच पनपे प्यार के इर्द-गिर्द घूमती है। रोमांस, संघर्ष और भावनाओं से भरपूर इस कहानी ने दर्शकों के दिलों को गहराई से छू लिया है।

सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। थिएटर्स से निकलते हुए रोते दर्शकों के वीडियो वायरल हो रहे हैं। कई सेलेब्स ने भी फिल्म की जमकर सराहना की है, जो इसके इमोशनल कनेक्शन और दमदार अभिनय का प्रमाण है।