बॉलीवुड में एक नई रोमांटिक जोड़ी की एंट्री होने जा रही है — अहान पांडे और अनीत पड्डा के रूप में। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सैयारा’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसकी झलक ने दर्शकों के दिल को छू लिया है। ट्रेलर में जुनूनी मोहब्बत, दिल तोड़ने वाली कहानी और शानदार संगीत का ऐसा मिश्रण है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में पहले ही जगह बना चुकी है।
ट्रेलर में अहसासों की बौछार‘सैयारा’ का ट्रेलर एक भावनात्मक और तीव्र प्रेम कहानी को बयां करता है, जिसमें यंग टैलेंट अहान पांडे एक संघर्षरत सिंगर के रूप में नजर आते हैं, जबकि अनीत पड्डा एक संवेदनशील सॉन्ग राइटर की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर की शुरुआत हल्की-फुल्की मुलाकातों से होती है और जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, मोहब्बत गहराती है और फिर अंत में दर्द, बिछड़ाव और टूटे सपनों की झलक सामने आती है।
मोहित सूरी की खासियत मानी जाने वाली इंटेंस लव स्टोरीज़ और म्यूज़िक यहां भी प्रभावशाली दिखता है। बैकग्राउंड स्कोर और सैयारा टाइटल ट्रैक दर्शकों के कानों में गूंजते हैं और दिल को स्पर्श करते हैं। मोहित की फिल्में शानदार म्यूजिक के लिए जानी जाती हैं। फिल्म का टाइटल ट्रैक तनिष्क बागची, फहीम अब्दुल्लाह और अर्सलान निजामी ने कंपोज किया है और इरशाद कामिल के बोल हैं। यह पहले ही धूम मचा रहा है। इसके अलावा, 'बरबाद' और 'हमसफर' जैसे गाने भी लोकप्रिय हो चुके हैं।
ट्रेलर देखकर आपको आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर स्टारर ‘आशिकी 2’ की भी याद आएगी। ट्रेलर के कई सीन ‘आशिकी 2’ की तरह दिखते हैं, लेकिन ट्रेलर देखकर कहा जा सकता है कि इस बार हीरो मरेगा नहीं, बल्कि एक ‘सैयारा’ बनकर यानि तारा बनकर चमकने वाला है। इन सबके बीच अहान और अनीत अपनी ताजगी के साथ एक अलग पहचान बना लेते हैं।
भाई-भतीजावाद पर भी साधा निशानाट्रेलर की शुरुआत में अहान पांडे एक डायलॉग बोलते नजर आते हैं जो आज के बॉलीवुड में ‘नेपोटिज्म’ को लेकर चल रही बहस पर तंज करता है। लेकिन उसके बाद जिस आत्मविश्वास के साथ वो अपने किरदार को निभाते दिखते हैं, वह उनके अभिनय कौशल का प्रमाण बन जाता है। यह फिल्म सिर्फ एक प्रेम कथा नहीं बल्कि संघर्ष, पहचान और आत्मसम्मान की भी कहानी है।
18 जुलाई को होगी रिलीजवाईआरएफ बैनर तले बनी ‘सैयारा’ 18 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की कहानी युवा पीढ़ी के प्यार, जुनून और पहचान की तलाश को उजागर करती है। अहान और अनीत की नई जोड़ी इस फिल्म से एक नए युग की शुरुआत करती दिख रही है, और दर्शक भी इस फ्रेश केमिस्ट्री को देखने के लिए उत्साहित हैं।
'सैयारा' का ट्रेलर एक बार फिर यह साबित करता है कि जब कहानी में दिल हो, म्यूजिक में आत्मा हो और एक्टिंग में सच्चाई हो, तो नए चेहरे भी दर्शकों के दिलों में उतर जाते हैं। ट्रेलर देखकर कहा जा सकता है कि अहान पांडे और अनीत पड्डा ने अपने करियर की शुरुआत एक दमदार नोट पर की है। अब सबकी नजरें 18 जुलाई पर टिकी हैं, जब ये जुनूनी मोहब्बत सिल्वर स्क्रीन पर अपनी पूरी ताकत से सामने आएगी।