मोहित सूरी की निर्देशन में बनी और न्यूकमर्स अहान पांडे तथा अनीत पड्डा की जोड़ी वाली म्यूजिकल लव स्टोरी 'सैयारा' बॉक्स ऑफिस (Saiyaara Box Office) पर ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर रही है। यह फिल्म सिर्फ दर्शकों की पसंदीदा बनकर नहीं उभरी है, बल्कि इसने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए एक के बाद एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। जहां 10 दिनों तक फिल्म ने लगातार डबल डिजिट में कमाई दर्ज की, वहीं 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को इसका बिजनेस पहली बार सिंगल डिजिट में सिमट गया। तो चलिए जानते हैं कि 12वें दिन, यानि दूसरे मंगलवार को, ‘सैयारा’ ने कितनी कमाई की और क्या नया इतिहास रच दिया।
12वें दिन भी 'सैयारा' ने नहीं थामी रफ्तारइन दिनों ‘सैयारा’ ने सिनेमाघरों पर दबदबा बना रखा है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों, विशेषकर युवा वर्ग में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की कहानी, संगीत और फ्रेश स्टारकास्ट ने लोगों को थिएटर तक खींचने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। खासतौर पर वीकेंड पर टिकट खिड़कियों पर ‘सैयारा’ का जलवा देखते ही बनता है।
पहले सप्ताह में, इस रोमांटिक ड्रामा ने ₹172.75 करोड़ का मजबूत आंकड़ा पार किया। दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने ₹18 करोड़ कमाए और शनिवार को इसमें 47.22% की उछाल देखी गई, जिससे कमाई पहुंची ₹26.5 करोड़ तक। रविवार को भी रफ्तार कायम रही और ₹30 करोड़ की कमाई हुई। लेकिन सोमवार को पहली बार फिल्म की कमाई में 69.17% की गिरावट दर्ज हुई और आंकड़ा सिमट गया ₹9.25 करोड़ पर।
अब आते हैं दूसरे मंगलवार की बात पर — सैकनिल्क की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 'सैयारा' ने 12वें दिन ₹9.50 करोड़ का कलेक्शन किया। इस प्रकार, 12 दिनों में फिल्म की कुल कमाई पहुंच चुकी है ₹266.00 करोड़ पर।
'सैयारा' ने दूसरे मंगलवार को तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड‘सैयारा’ ने न सिर्फ स्थिर कमाई की है, बल्कि दूसरे मंगलवार को भी अपना दबदबा कायम रखते हुए कई सुपरहिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। शाहरुख खान की ‘पठान’, ‘पीके’, ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी फिल्मों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह फिल्म दूसरे मंगलवार के बॉक्स ऑफिस पर छा गई।
यह रहा तुलना का पूरा लेखा-जोखा:
फिल्म - दूसरे मंगलवार की कमाईसैयारा - ₹9.50 करोड़
द केरला स्टोरी - ₹9.45 करोड़
पीके - ₹9.11 करोड़
बजरंगी भाईजान - ₹9.10 करोड़
कबीर सिंह - ₹8.31 करोड़
संजू - ₹8.00 करोड़
टाइगर जिंदा है - ₹7.83 करोड़
तानाजी - ₹7.67 करोड़
पठान - ₹7.50 करोड़
केजीएफ चैप्टर 2 - ₹7.48 करोड़
यह आंकड़े साबित करते हैं कि 'सैयारा' सिर्फ एक और फिल्म नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस की नई ट्रेंड सेटर बन चुकी है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी ‘सैयारा’ का परचमट्रेड गुरु तरण आदर्श ने फिल्म की अंतरराष्ट्रीय सफलता की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर लिखा कि: ‘सैयारा’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ₹400 करोड़ की शानदार ग्रॉस कमाई कर ली है। रिलीज से पहले शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह फिल्म इतना बड़ा आंकड़ा पार करेगी। लेकिन इसने हर शक-संशय को गलत साबित करते हुए खुद को एक ‘गेम-चेंजर’ के तौर पर स्थापित कर लिया है। फिल्म ने जिस तरह से भारत के साथ-साथ विदेशों में भी कमाई की है, वह इस बात का संकेत है कि एक अच्छी कहानी और मजबूत निर्देशन ही फिल्म को ऊंचाइयों तक ले जा सकता है — सुपरस्टार की मौजूदगी ज़रूरी नहीं।
'सैयारा' से जुड़ी कुछ जरूरी बातें‘सैयारा’ एक भावनात्मक और संगीत से सजी प्रेम कहानी है, जिसे मशहूर निर्देशक मोहित सूरी ने निर्देशित किया है। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अहान पांडे और अनीत पड्डा के साथ गीता अग्रवाल, राजेश कुमार और वरुण बडोला जैसे कलाकार भी नजर आते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म 2004 की कोरियन क्लासिक ‘A Moment to Remember’ से प्रेरित है, जिसे भारतीय दर्शकों के हिसाब से ढालकर बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।