2 News : करीना को 45वें जन्मदिन पर सबा-अमृता ने ऐसे दी बधाई, राहुल-दिशा ने शेयर की बेटी के जन्मदिन की तस्वीरें

एक्ट्रेस करीना कपूर खान का आज रविवार (21 सितंबर) को 45वां जन्मदिन है। इस मौके पर सोशल मीडिया पर करीना के लिए बधाइयों और शुभकामनाओं की बौछार हो रही है। उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथ उन पर जमकर प्यार बरसा रहे हैं। करीना की ननद सबा पटौदी ने अपनी भाभी और पूरे परिवार के साथ कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं और साथ ही उन्हें बहुत प्यारे अंदाज में विश किया। सबा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “बेबो, तुम्हारे साथ बिताए हर पल के लिए...हमारी खास सेल्फी, मेरे द्वारा खींची गई तस्वीरें, भाई या मां के साथ तुम और बच्चे। पारिवारिक मौकों, ईद, दिवाली, जन्मदिन और बहुत कुछ के लिए...तुम सब कुछ पूरा करती हो! चमकती रहो।

तुम्हें चमकदार साड़ी की जरूरत नहीं, तुम खुद ही चमक हो! तुम पर बहुत गर्व है! तुम बहुत कमाल हो! जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। जल्द मिलते हैं। बहुत सारा प्यार।” बता दें करीना की अपनी दोनों ननद सबा और सोहा अली खान के साथ काफी मजबूत बोंडिंग है। करीना की खास दोस्त एक्ट्रेस अमृता अरोड़ा ने उनके साथ एक बेहद पुरानी तस्वीर शेयर की है। इसमें दोनों एक-दूसरे संग कैमरे के लिए पोज कर रही हैं। अमृता ने लिखा, “मेरे दोस्त को जो मेरा साथ देती है और हमेशा मेरे जीवन में मौजूद रहती हैं...जन्मदिन मुबारक हो मेरी बीबो, तुमसे बहुत प्यार करती हूं…”

बता दें करीब 5 साल तक डेट करने के बाद करीना ने एक्टर सैफ अली खान के साथ 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों के प्यार की शुरुआत 'टशन' फिल्म के सेट से हुई थी। उनके दो बेटे तैमूर और जेह हैं। तैमूर का जन्म साल 2016 और जेह का साल 2021 में हुआ था। करीना के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह जल्द ही 'दायरा' फिल्म में नजर आएंगी। इसमें उनके साथ साउथ इंडियन स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन हैं। इसकी डायरेक्टर मेघना गुलजार हैं।

साल 2000 में फिल्म 'रिफ्यूजी' से करीना कपूर ने करिअर की शुरुआत की थी। यह अभिषेक बच्चन की भी पहली फिल्म थी। इस फिल्म के लिए करीना बेस्ट न्यूकमर एक्ट्रेस का फिल्म फेयर पुरस्कार मिला था। करीना के खाते में ‘कभी खुशी कभी गम', 'अजनबी', '3 इडियट्स', 'चमेली', 'देव', 'जब वी मेट', 'ओमकारा', 'वीरे दी वेडिंग, ‘बजरंगी भाईजान’ और 'गुड न्यूज' जैसी कई सफल फिल्में हैं।
राहुल वैद्य और दिशा परमार की बेटी नव्या हुईं 2 साल की

मशहूर सिंगर राहुल वैद्य और एक्ट्रेस दिशा परमार ने शनिवार (20 सितंबर) को अपनी बेटी नव्या का दूसरा जन्मदिन सेलिब्रेट किया। इस मौके पर पूरे परिवार ने मिलकर लाडली बिटिया का बर्थडे मनाया। हालांकि केक कटिंग के दौरान वह रोने लगीं, लेकिन उसकी मासूमियत पर हर कोई फिदा हो गया। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं और फैंस इन पर जमकर प्यार लुटाते हुए बच्ची को विश कर रहे हैं। कपल ने ये फोटो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।

नव्या ने पिंक कलर की ड्रेस पहनी थी और उसकी दो चोटी बनी हुई थी। वह बहुत क्यूट लग रही थी। नव्या का केक भी देखने में काफी सुंदर लग रहा था। दिशा और राहुल ने बेटी के साथ अलग-अलग पोज में फोटो क्लिक करवाईं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “हमारी प्यारी बच्ची को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम तुमसे बेइंतहा प्यार करते हैं।” फैंस के साथ सेलेब्स भी नव्या को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। वेब सीरीज 'डू यू वाना पार्टनर' के एक्टर नकुल मेहता ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो नव्स।” एक्ट्रेस स्मृति खन्ना ने लिखा, “ओह, उसे जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”

ऐश्वर्या भंडारी ने लाल दिल वाली इमोजी बनाई हैं। राहुल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह कुछ समय पहले कलर्स टीवी के कॉमेडी कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स 2’ में नजर आए थे। राहुल अपने काम के साथ बयानों को लेकर भी चर्चाओं में रहते हैं। दूसरी ओर, दिशा साल 2021 में शादी के बाद से काफी हद तक एक्टिंग की दुनिया से दूर हैं और फिलहाल बच्ची की परवरिश पर फोकस कर रही हैं।