'अच्छे-भले शो का कबाड़ा कर दिया...' तारक मेहता का उल्टा चश्मा के नए ट्रैक पर फूटा फैंस का गुस्सा!

सोनी टीवी का सबसे पुराना और पसंदीदा टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ इन दिनों अपने लेटेस्ट ट्रैक को लेकर चर्चा में है। इस बार शो में टप्पू और सोनू के बीच एक नए मोड़ के कारण दर्शक खासे नाराज हैं। फिलहाल इस ट्रैक में टप्पू और सोनू के रिश्ते में एक अलगाव का ट्विस्ट दिया गया है, जो फैंस को बिल्कुल भी पसंद नहीं आ रहा है। दर्शक चाहते हैं कि टप्पू और सोनू की लव स्टोरी को आगे बढ़ाया जाए, लेकिन शो के मेकर्स ने इसे पूरी तरह से बदल दिया है। अब सोशल मीडिया पर फैंस जमकर मेकर्स पर अपनी नाराजगी जता रहे हैं।

सीरियल के ताजे एपिसोड्स में दिखाया गया कि आत्माराम भिड़े अपनी बेटी सोनू और टप्पू के बीच बढ़ती नजदीकियों से खुश नहीं हैं और उन्होंने अपनी बेटी को टप्पू से दूर करने की योजना बना ली है। वह सोनू का रिश्ता कहीं और पक्का करने की कोशिश करते हैं। वहीं, चंपकलाल गड़ा यानी टप्पू के दादाजी भी अपने पोते की शादी कराने का फैसला लेते हैं। इस ट्रैक को देख फैंस का मानना है कि अब यह शो पहले जैसा हंसी-खुशी का नहीं रहा, बल्कि सास-बहू ड्रामा में बदल चुका है।
सोशल मीडिया पर फूटा फैंस का गुस्सा

फैंस इस नए ट्रैक को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि शो में बिना मतलब का ड्रामा दिखाया जा रहा है और टप्पू-सोनू के रिश्ते को पूरी तरह से उलझा दिया गया है।

एक फैन ने इस ट्रैक पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, सालों से यह लोग पोपटलाल का रिश्ता नहीं जोड़ पाए, लेकिन टप्पू-सोनू का रिश्ता झट से तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, अब इस शो को देख कर मजा बिल्कुल भी नहीं आता। एक और फैन ने तो इसे सबसे घटिया ट्रैक कहते हुए मेकर्स को इसे तुरंत बदलने की सलाह दी है।