रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में इस्तेमाल हुआ हथियार पुलिस ने बरामद किया

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर 1 फरवरी को हुई फायरिंग ने मुंबई में सनसनी मचा दी थी। इस घटना में उनके आवास पर पांच राउंड फायर किए गए थे। फायरिंग के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और अब इस मामले में अहम बरामदगी सामने आई है।

बरामद हुआ हथियार

मुंबई क्राइम ब्रांच ने फायरिंग मामले की जांच के दौरान आरोपी के पास से वही हथियार बरामद किया, जिससे रोहित शेट्टी के घर पर गोलियां चलाई गई थीं। इस हथियार का उपयोग कर कुल पांच राउंड फायर किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, बरामद किया गया हथियार अब कलीना फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री भेजा गया है, ताकि उसका बैलिस्टिक टेस्ट किया जा सके। इससे यह वैज्ञानिक रूप से साबित होगा कि वही हथियार इस्तेमाल में लाया गया था।

क्राइम ब्रांच की टीम ने मुख्य आरोपी को लेकर हरियाणा तक यात्रा की थी, क्योंकि आरोपी ने फायरिंग में इस्तेमाल होने वाली बंदूक वहीं छुपाई थी।

अब तक गिरफ्तार हुए आरोपी

इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पहले 5 आरोपियों को पुणे के पास से पकड़ा गया था। इन आरोपियों पर मकोका (MCOCA) भी लागू है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:

आदित्य गायकी

सिद्धार्थ येनपुरे

समर्थ पोमाजी

स्वप्निल साकट

आसाराम फसले उर्फ़ बाबू (हथियार सप्लायर)


आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में चार आरोपियों को कुल 3 लाख रुपये का लालच दिया गया था। मुख्य शूटर दीपक चंद्रा को एडवांस में 50,000 रुपये मिले थे। आरोपियों का कहना है कि वे बिश्नोई गैंग की सोशल मीडिया एक्टिविटी से प्रभावित थे और दबदबा बनाने तथा पैसे कमाने के मकसद से गैंग में शामिल हुए।

रोहित शेट्टी का वर्क फ्रंट

वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी कॉमेडी और एक्शन फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने गोलमाल और सिंघम जैसी फ्रेंचाइजी बनाई हैं। उनकी फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस भी बेहद हिट रही थी। पिछली बार उन्होंने सिंघम अगेन फिल्म रिलीज की थी, जिसमें अजय देवगन और करीना कपूर लीड रोल में थे। फिल्म में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण जैसे बड़े स्टार्स भी शामिल थे और दर्शकों ने इसे काफी पसंद किया।