दुखद खबर : नहीं रहा यह मशहूर कॉमेडियन, 46 साल की उम्र में निधन, कमल हासन सहित इन सितारों ने दी श्रद्धांजलि

मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आ रही है। तमिल सिनेमा के पॉपुलर कॉमेडियन एक्टर रोबो शंकर का गुरुवार (18 सितंबर) रात निधन हो गया। वे 46 साल के थे। निधन से पहले शंकर फिल्म सेट पर बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत ओल्ड महाबलीपुरम रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी मौत मल्टीपल ऑर्गन फेल होने से हुई है। शंकर के परिवार में उनकी पत्नी प्रियंका रोबो शंकर और बेटी इंद्रजा शंकर हैं। शंकर के निधन से उनका परिवार और फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत कई एक्टर्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से शंकर को श्रद्धांजलि दी है।

स्टालिन ने कहा, “एक्टर रोबो शंकर के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ। छोटे मंच से शुरुआत करते हुए, उन्होंने तमिलनाडु की जनता का खूब मनोरंजन किया। टेलीविजन और सिनेमा में अपने सफर का विस्तार किया। मैं उनके शोक में डूबे परिवार के सदस्यों और फिल्म बिरादरी के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं।” साउथ सुपरस्टार कमल हासन ने एक्स पोस्ट में लिखा, “रोबो शंकर, एक निक नेम है, मेरी डिक्शनरी में, तुम एक अच्छे इंसान हो, तुम मेरे छोटे भाई जैसे हो, क्या तुम मुझे छोड़कर चले जाओगे? तुम्हारा काम हो गया, तुम चले गए, मेरा काम अधूरा है, तुम कल हमारे लिए छोड़ गए, इसलिए, कल हमारा है।”

विजय सेतुपति ने शंकर की एक फोटो साझा की और हाथ जोड़ने वाली इमोजी के साथ RIP लिखा। एक्टर और डायरेक्टर राघव लॉरेंस ने एक्स पर लिखा, “रोबो शंकर के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ, मनोरंजन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा, उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना, उनकी आत्मा को शांति मिले।” एक्टर कार्थी ने लिखा, “यह देखकर दुख होता है कि समय के साथ विनाशकारी विकल्प स्वास्थ्य को कैसे नष्ट कर सकते हैं, एक महान प्रतिभा बहुत जल्द चली गई, उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना, रोबो शंकर।”

एक्टर और प्रोड्यूसर विष्णु विशाल ने अपनी फिल्म 'वेलैनु वंधुट्टा वेल्लाकरन' से शंकर के एक कॉमेडी सीन का स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा, “शायद मेरी फिल्मों में सबसे प्रतिष्ठित कॉमेडी सीन..उनके बिना, यह इतना यादगार नहीं होता...आरआईपी रोबो शंकर, तमिल सिनेमा निश्चित रूप से आप जैसी प्रतिभा को याद करेगा।” सिमरन ने लिखा, “रोबो शंकर के निधन से गहरा दुख हुआ, एक ऐसी प्रतिभा जिसने लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी, आपको याद किया जाएगा, इस कठिन समय में उनके परिवार के लिए प्रार्थना और शक्ति, ओम शांति।”
एक्टर रोबो शंकर ने टीवी से शुरुआत करने के बाद फिल्मों में भी कमाया नाम

रोबो शंकर एक शानदार अभिनेता थे। उनकी पहचान सबसे पहले टेलीविजन पर बनी। उनके कार्टून और बेफिक्र अंदाज ने उन्हें तमिलनाडु के घर-घर में मशहूर बना दिया। जल्द ही उन्होंने फिल्मों की ओर रुख किया और बड़े सितारों के साथ काम करने लगे। उन्होंने ‘विश्वासम’, ‘पुली’, और ‘कोबरा’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया। साथ ही दर्शकों ने उन्हें ‘इधारकुथाने आसैपट्टई बालकुमार’, ‘वायै मूड़ी पेसवुम’, ‘मारी’ और ‘वेलैनु वंडुट्टा वेल्लाइकारन’ जैसी फिल्मों में भी खूब पसंद किया।

टीवी और फिल्मों के बीच सहजता से काम करने की उनकी क्षमता ने उन्हें 10 साल से भी ज्यादा समय तक सुर्खियों में बनाए रखा। शंकर की खासियत सिर्फ उनकी कॉमेडी टाइमिंग नहीं थी, बल्कि वह अपनापन भी था जो वे हर रोल और हर माहौल में ले आते थे। चाहे मजेदार डायलॉग हो या छोटा सा भावुक पल वे दर्शकों से सीधे और दिल से जुड़ जाते थे। अंतिम संस्कार आज शुक्रवार को चेन्नई में होगा, जहां परिवार, फिल्म जगत के साथी और बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जुटेंगे।