विक्की ने यूं किया ‘सरदार उधम’ का प्रमोशन, अक्षय ने फिर शुरू की इसकी शूटिंग, अंकिता-विक्की का वीडियो

एक्टर विक्की कौशल अपनी फिल्म सरदार उधम के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। वे लगातार अपने किरदार की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर की है, जिसमें वे एक सड़क को क्रॉस करते दिख रहे हैं। विक्की लगातार हो रही बर्फबारी के बीच अपने लक्ष्य कैक्सटन हॉल की ओर तेजी से पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कैजुअल ड्रेस के साथ एक ओवरसाइज कोट पहना हुआ है।

विक्की ने कैप्शन लिखा, ‘उन्होंने कई महाद्वीपों की यात्रा की और 21 साल इंतजार किया। आखिरकार उस एक सड़क को पार करने के लिए!’ फिल्म की कहानी 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जलियावाला बाग में इकट्ठा हुए सैकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले जनरल डायर की हत्या पर आधारित है। सरदार उधम ने साल 1940 में कैक्सटन हॉल में जाकर जनरल ओ डायर की हत्या कर बदला लिया था। फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होगी।


अक्षय चांदनी चौक में कर रहे हैं रक्षाबंधन फिल्म की शूटिंग

अभिनेता अक्षय कुमार ने फिल्म रक्षाबंधन की शूटिंग एक बार फिर से शुरू कर दी है। शूटिंग दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में हो रही है, जो कि अक्षय का जन्म स्थान भी है। हाल ही में इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया था। फिल्म 11 अगस्त 2022 को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग जारी है। अक्षय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर किया। इसमें वे दौड़ लगाते नजर आ रहे हैं।

अक्षय ने कैप्शन में लिखा, रक्षाबंधन के सेट पर आज चांदनी चौक में दौड़ लगाते हुए कई पुरानी यादें ताजा हो गईं क्योंकि ये मेरा जन्म स्थान है। पीछे खड़े लोगों की बातें सुनना कितना प्यारा है.. यह कभी पुराना नहीं लगता.. आनंद एल रॉय के डायरेक्शन में बन रही फिल्म में अक्षय के अपोजिट भूमि पेडनेकर हैं। उनकी चार बहनों के रूप में साहेजमीन कौर, दीपिका खन्ना, सादिया खतीब और स्मृति श्रीकांत रहेंगी। अक्षय ने कहा था कि एक कहानी जो आपको हंसाएगी और रुलाएगी भी। ये फिल्म एहसास दिलाएगी कि वे लोग कितने खुशकिस्मत हैं जिनके पास बहनें हैं।
फैंस को अंकिता और विक्की की शादी का इंतजार

टीवी की मशहूर एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे एक्टिंग के साथ लव लाइफ को लेकर भी सुर्खियां बटोरती रहती हैं। अंकिता लंबे समय से बिजनेसमैन विक्की जैन को डेट कर रही हैं। वे अक्सर उनके साथ वक्त बिताती नजर आती हैं। फैंस दोनों की शादी का इंतजार कर रहे हैं। अंकिता अपने चाहने वालों के साथ जुड़े रहने के लिए सोशल मीडिया का भी खूब इस्तेमाल करती हैं। वे आए दिन फोटो व वीडियो शेयर करती रहती हैं। वे इन दिनों लगभग हर पोस्ट में विक्की के साथ दिखती हैं।

अब अंकिता ने इंस्टाग्राम पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे विक्की की बाहों में बेहद खुश दिखाई दे रही हैं। वीडियो में अंकिता कुछ और दोस्तों के साथ भी दिख रही हैं। इससे पहले भी अंकिता ने एक फोटो शेयर की थी, जिसमें वे एक-दूसरे को किस करते दिखाई दिए। अंकिता ने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ जी टीवी के प्रसिद्ध सीरियल पवित्र रिश्ता में काम किया था।