कंटेस्टेंट ने छूए मलाइका के गाल तो...,योग ने जिंदा रहने में ऐसे की मदद, कंगना ने भाई को किया विश

सोनी टीवी के धमाकेदार शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के नए सीजन की शुरुआत जल्द ही होने जा रही है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी मलाइका अरोड़ा, गीता कपूर और टेरेंस लेविस बतौर जज नजर आएंगे। शूटिंग के बीच एक कंटेस्टेंट ने प्यार से मलाइका के गाल छू लिए, लेकिन इसके बाद वे काफी डर गई थीं। शुक्रवार को हुए लॉन्च इवेंट में मलाइका से पूछा गया था कि जब कंटेस्टेंट ने उनके गाल छूए तो उन्हें कैसा महसूस हुआ, तो वे बोलीं कि मैं थोड़ा डर गई थी, क्योंकि यह कोरोनावायरस का समय चल रहा है। वह अचानक से मेरे पास आया और मेरे गाल छूने लगा। एक पल के लिए तो मैं काफी डर गई थी।

मैं सोचने लगी थी कि उसके हाथ सेनिटाइज्ड हैं भी या नहीं। गीता ने इस बारे में कहा कि इस तरह की चीजें बहुत कम ही देखने को मिलती हैं, क्योंकि मलाइका काफी बड़ी पर्सनैलिटी हैं। कौन ऐसे डायरेक्ट जाकर उनके गाल छू सकता है? यहां तक कि हम लोगों में भी ऐसी हिम्मत नहीं है। उस व्यक्ति में तो थी और कहीं न कहीं मुझे लगता है कि यह काफी स्वीट था। मलाइका पिछले साल इसी शो की शूटिंग के बीच कोरोना पॉजिटिव हो गई थीं। नोरा फतेही ने उनकी जगह ली थी।
मलाइका ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की पूर्व संध्या पर शेयर की ये पोस्ट

मलाइका अरोड़ा ने आज अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने लिखा कल 10 अक्टूबर विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस है और इस मौके पर इंस्टाफैम अपनी कहानियां साझा करें। मलाइका ने बताया कि योग ने कैसे उन्हें जिंदा रहने में मदद की। 47 वर्षीय मलाइका ने लिखा कि मेरा ब्रेकिंग पॉइंट एक दिन आया, जब मैं अपनी पहली कुछ योग कक्षाओं में थी और मेरे आंसू नहीं रुके। मैं अपने भीतर के तूफान से बच गई। मैं खुद को कभी भी बुलेट प्रूफ नहीं कहूंगी, क्योंकि हममें से कोई भी नहीं है।

खुद को स्थिर रखें और मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहने के लिए निरंतर प्रयास करें। मलाइका इन दिनों मिलिंद सोमन और अनुषा दांडेकर के साथ इंडियाज नेक्स्ट टॉप मॉडल में जज के रूप में काम कर रही हैं। मलाइका छैया-छैया, मुन्नी बदनाम हुई, अनारकली डिस्को चली और हैलो हैलो जैसे आइटम डांस से फैंस के दिलों में बस गईं। अरबाज खान से तलाक के बाद उनका अर्जुन कपूर के साथ अफेयर चल रहा है।
कंगना ने छोटे भाई अक्षत की फोटो की शेयर

एक्ट्रेस कंगना रनौत बिजी शेड्यूल के बीच भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। हाल ही में उन्होंने छोटे भाई अक्षत को एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर कर बर्थडे विश किया है। कंगना ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अक्षत की एक बचपन की तस्वीर अपलोड कर इसके साथ एक इमोशनल नोट लिखा है। कंगना ने लिखा कि प्यारे अक्षत...एक छोटे भाई से लेकर मेरी सबसे बड़ी ताकत तक आपने एक लंबा सफर तय किया है, इसके लिए मैं भाग्यशाली हूं, जिस तरह से आप मेरे जीवन में मेरी सभी कानूनी लड़ाइयों से लेकर अब प्रोडक्शन हाउस के प्रोजेक्ट्स को संभालते हैं।

मैं कह सकती हूं कि मेरा छोटा भाई मेरा हीरो है। आपकी शांत महत्वाकांक्षा और सौम्य व्यवहार काबिले तारीफ है...हैप्पी बर्थडे टू यू, आई लव यू सो मच। कंगना की बड़ी बहन रंगोली चंदेल ने भी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने लिखा कि आपके जन्मदिन पर, मैं कामना करती हूं कि भगवान आपको अच्छी किस्मत, खुशी, प्यार, अच्छा स्वास्थ्य और सफलता प्रदान करें। आप सच में इसके लायक हैं। आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं हमारे प्यारे भाई हम आपके लिए भाग्यशाली हैं।