बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद हाल ही में एक अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबर वायरल होने लगी, जिसके बाद उन्होंने मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। रजा मुराद ने साफ कहा कि इस तरह की फेक खबरों से न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके परिवार और प्रशंसकों को भी गहरी मानसिक परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने दो टूक कहा कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं और जीवित हैं।
“मैं जिंदा हूं, थक चुका हूं अफवाहों से”फर्जी खबर सामने आने के बाद रजा मुराद ने नाराज़गी जताते हुए कहा, “मैं पूरी तरह ठीक हूं। लेकिन अफसोस की बात है कि कुछ लोग मज़ाक या शोहरत पाने के लिए इस तरह की गलत खबरें फैलाते हैं। मुझे हर जगह से कॉल, मैसेज और स्क्रीनशॉट मिल रहे हैं। परिवार और करीबियों के लिए भी यह तकलीफदेह है।” अभिनेता ने यह भी कहा कि बार-बार अपनी जीवित होने की सफाई देना अब उनके लिए थकाऊ बन चुका है।
अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी टिप्पणीअभिनेता ने उन लोगों की आलोचना की जो ऐसे गैर-जिम्मेदार काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जिनके पास अपनी जिंदगी में करने को कुछ नहीं होता, वे सस्ती लोकप्रियता के लिए इस तरह की हरकतें करते हैं। रजा मुराद ने मांग की कि इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।
पुलिस ने दर्ज किया केसरजा मुराद की शिकायत पर अंबोली पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह अफवाह कहां से फैलाई गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दमदार आवाज और सशक्त अभिनय के लिए प्रसिद्धरजा मुराद हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वे अपनी गहरी आवाज और असरदार अभिनय शैली के लिए मशहूर हैं। उन्होंने ‘पद्मावत’, ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘जोधा अकबर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। दशकों से फिल्मों का हिस्सा रहे रजा मुराद ने खलनायक से लेकर गंभीर किरदारों तक अपनी खास छाप छोड़ी है।