2 News : श्रद्धा-राहुल का वीडियो बनाने वालीं क्रू मेंबर पर भड़कीं रवीना, रियल एस्टेट घोटाले में इस एक्टर को मिला नोटिस

एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर की पिछली फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ थी। इस हॉरर मूवी ने ताबड़तोड़ कमाई करते हुए बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया। अब फैंस को श्रद्धा की अगली फिल्म का इंतजार है। श्रद्धा प्रोफेशनल के साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। उन्हें पिछले कुछ समय से अक्सर अपने बॉयफ्रेंड राहुल मोदी के साथ स्पॉट किया जाता है। अब सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो राहुल के साथ फ्लाइट में बैठी हुई दिख रही हैं। इस वीडियो को एयरलाइन के एक क्रू मेंबर ने चुपके से रिकॉर्ड किया है। इसे देख 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस रवीना टंडन भड़क गई हैं और उन्होंने एयरलाइन के क्रू मेंबर को चुपके से वीडियो बनाने के लिए फटकार लगाई है।

वीडियो में नजर आ रहा है कि श्रद्धा और राहुल फ्लाइट में इकोनॉमी क्लास में ट्रेवल कर रहे हैं। वहीं श्रद्धा, राहुल को अपने फोन पर कुछ दिखा रही हैं। वीडियो में क्रू मेंबर सबसे पहले मुस्कुराती हैं और फिर चुपके से अपना कैमरा दोनों की तरफ घुमा देती हैं। इंडिया फोरम्स ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इस वीडियो को शेयर किया है। रवीना ने इस पर रिएक्ट करते हुए लिखा, “ये प्राइवेसी का उल्लंघन है। क्रू को ये बात अच्छे से पता होनी चाहिए कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए। उनकी रजामंदी जरूर लेनी चाहिए। क्रू मेंबर्स से ऐसा करने की उम्मीद नहीं थी।” इस वीडियो पर कमेंट करते हुए एक शख्स ने लिखा, “यह एक फैन मोमेंट है।”

दूसरे ने लिखा, “शर्म की बात है, ये किसी की भी प्राइवेसी का उल्लंघन करना है।” तीसरे ने लिखा, “पब्लिक प्लेस में पब्लिक फिगर है। यह एक फैन मोमेंट है। इसमें प्राइवेसी का हनन कहां से हुआ?” चौथे ने लिखा, “मैडम जब आपकी बच्ची की मूवी आ रही थी, तब आपको प्राइवेसी याद नहीं रही थी।” पांचवें ने लिखा, “मैम जिसका वीडियो बनाया है, उसे इशु नहीं है कुछ तो आपको क्या दिक्कत है?? किस बात की प्राइवेसी, क्रू ने सिर्फ वीडियो बनाया है जिससे उसके चेहरे पर सिर्फ खुशी और हंसी आई है। इसके अलावा उसने क्या हासिल किया है।”

बता दें कि फैंस में राहुल और श्रद्धा की जोड़़ी को लेकर काफी क्रेज है। राहुल ने ‘प्यार का पंचनामा 2’, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ और श्रद्धा व रणबीर कपूर की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ जैसी फिल्मों की कहानी लिखी है। रिपोर्टों के अनुसार राहुल व श्रद्धा की पहली मुलाकात ‘तू झूठी मैं मक्कार’ के सेट पर ही हुई थी। इसके बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और तब से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। हालांकि अभी तक दोनों ने ही इस बारे में कुछ भी नहीं बोला है।
तेलंगाना में रंगा रेड्डी जिला उपभोक्ता आयोग की ओर से महेश बाबू को मिला नोटिस

एक्ट्रेस नम्रता शिरोड़कर के पति साउथ इंडियन सुपरस्टार महेश बाबू के फैंस के लिए बुरी खबर है। वे फिलहाल मुश्किल में फंस गए हैं। हैदराबाद की एक डॉक्टर ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया है कि उनके साथ 34 लाख रुपए का कथित रियल एस्टेट घोटाला हुआ है। इस घोटाले का सपोर्ट करने पर महेश बाबू को कानूनी नोटिस भेजा गया है। ये नोटिस तेलंगाना में रंगा रेड्डी जिला उपभोक्ता आयोग की ओर से दिया गया है।

डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक उपभोक्ता आयोग ने महेश बाबू को 34 लाख के कथित रियल एस्टेट घोटाले का सपोर्ट करने के लिए कानूनी नोटिस जारी किया है। ये नोटिस हैदराबाद की एक डॉक्टर की ओर से शिकायत दर्ज कराने के बाद जारी किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि डॉक्टर ने उस प्लॉट के लिए 34.8 लाख रुपए दिए थे, जो असल में मौजूद नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक महेश बाबू को कथित तौर पर तीसरे अभियुक्त के तौर पर नामित किया गया है। शिकायत में उन पर साई सूर्या डवलपर्स फर्म को बढ़ावा देने और खरीदारों को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है।

बता दें कि इससे पहले भी महेश बाबू रियल एस्टेट घोटाले को लेकर कानूनी पचड़े में फंस चुके हैं। अप्रैल में ED ने उनसे साई सूर्या डवलपर्स और सुराना ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर पूछताछ की थी। फिलहाल इस मामले में महेश बाबू या उनकी टीम ने कोई भी रिएक्शन नहीं दी है। महेश बाबू के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म साल 2023 में रिलीज हुई ‘गुंटूर करम’ थी। इन दिनों वे ‘एसएसएमबी 29’ की शूटिंग में बिजी हैं। इसमें प्रियंका चोपड़ा की भी अहम भूमिका है।