हिन्दी सिनेमा की 90 के दशक के लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार रही रम्भा फिर से फिल्मों में काम करना चाहती हैं। प्राप्त समाचारों के अनुसार रंभा के कमबैक के लिए उनके पति व्यवसायी इन्द्र कुमार ने दक्षिण भारत के एक निर्माता से उनके लिए फिल्म की सिफारिश की है। इस बात की जानकारी स्वयं फिल्म निर्माता ने दी है।
बंधन, क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं 90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस रंभा फिल्मों में कमबैक करना चाहती हैं। बीते कई सालों से फिल्मी दुनिया से दूर रंभा के कमबैक के लिए उनके पति ने एक प्रोड्यूसर से सिफारिश भी की है।
हाल ही में एक फिल्म फेस्टिवल के दौरान तमिल सिनेमा के मशहूर प्रोड्यूसर कलईपलु एस. थानू ने खुलासा किया है कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात रंभा के पति इंद्रकुमार से मुलाकात हुई थी। इंद्रकुमार ने उनसे पत्नी रंभा के लिए फिल्म बनाने की मांग की है। फिल्ममेकर ने कहा, रंभा के पास 2000 हजार करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी है। उनके पति एक बड़े बिजनेसमैन हैं। उन्होंने मुझसे उनके लिए एक फिल्म के लिए मौका मांगा है। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि मैं उनके लिए एक अच्छा प्रोजेक्ट तैयार करूंगा।
रंभा जल्द ही साउथ टीवी शो विजय टीवी के डांस रियलिटी शो जोड़ी- आर यू रेडी में बतौर जज नजर आने वाली हैं। इससे पहले भी एक्ट्रेस मानदा मायिलाडा और जोड़ी नंबर 1 जैसे रियलिटी शो जज कर चुकी हैं।
रंभा को कम उम्र से ही अभिनय में दिलचस्पी थी। एक बार स्कूल फंक्शन में रंभा ने प्ले में हिस्सा लिया था। इस प्रोग्राम में साउथ के मशहूर डायरेक्टर हरिहरन भी शामिल हुए थे। परफॉर्मेंस से इंप्रेस होकर हरिहरण ने 15 साल की रंभा को मलयाली फिल्म सरगम में कास्ट किया था। पहली ही फिल्म से मिली कामयाबी के बाद रंभा ने पढ़ाई छोड़ दी और कई बड़ी साउथ फिल्मों में काम किया।
साउथ सिनेमा में पहचान बनाने के बाद रंभा ने वर्ष 1995 में हिन्दी सिनेमा में कदम रखा। हिन्दी में उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती अभिनीत फिल्म जल्लाद से डेब्यू किया था। इसके बाद वो जंग, बेटी नंबर 1, घरवाली बाहरवाली, बंधन, क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता और जुड़वा फिल्मों में नजर आई थीं।
रंभा को सबसे ज्यादा लोकप्रियता सलमान खान के साथ फिल्म जुड़वां से मिली थी। इस फिल्म में सलमान खान ने दोहरी भूमिका निभाई थी, जिनमें से एक में उनकी नायिका रंभा थी। इस फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने और निर्देशन डेविड धवन ने किया था। इसके अलावा वो सलमान खान के साथ बंधन में भी काम कर चुकी हैं।
रंभा ने साल 2010 में कनाडा के बिजनेसमैन इंद्रकुमार से शादी की थी। शादी के बाद एक्ट्रेस ने फिल्मों से रिटायरमेंट ले लिया और टोरंटो जाकर बस गईं। इस शादी से रंभा को दो बच्चे हैं।