'रामायण' के ट्रेलर में नहीं दिखे हनुमान, सनी देओल की झलक का इंतजार करते रह गए फैंस

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। ट्रेलर में रणबीर कपूर के भगवान राम, साई पल्लवी की माता सीता और यश के रावण अवतार ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा। फिल्म के भव्य विजुअल्स, दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और शानदार वीएफएक्स की हर तरफ सराहना हो रही है। हालांकि, इस बीच एक ऐसी कमी भी महसूस की गई, जिसने कई प्रशंसकों को निराश कर दिया। फिल्म में भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल ट्रेलर में कहीं भी दिखाई नहीं दिए। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर फैंस लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मेकर्स ने हनुमान के किरदार को ट्रेलर से क्यों दूर रखा।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान सनी देओल ने दिया था संकेत

फिल्म के निर्माताओं ने 18 जुलाई 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक विशेष ट्रेलर स्क्रीनिंग का आयोजन किया था, जिसमें स्टार कास्ट के साथ चुनिंदा मेहमान मौजूद थे। इस दौरान सनी देओल ने अपने किरदार को लेकर कुछ अहम बातें साझा की थीं।

उन्होंने बताया था कि उन्होंने अभी फिल्म की शूटिंग का केवल शुरुआती हिस्सा पूरा किया है और उनके हिस्से का काफी काम अभी बाकी है। उनके इस बयान से यह संकेत भी मिला कि फिल्म का पहला भाग संभवतः भगवान राम के वनवास तक की कहानी पर आधारित होगा, जबकि हनुमान का प्रमुख प्रवेश अगले हिस्से में देखने को मिल सकता है।

सनी देओल ने कहा था, मैंने अभी इस फिल्म के लिए बहुत कम काम किया है। मेरे सामने अभी लंबा सफर है। मैं वाहेगुरु जी का धन्यवाद करता हूं कि मुझे भगवान हनुमान जैसा महान किरदार निभाने का अवसर मिला। इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। हनुमान जी का चरित्र निभाना आसान नहीं है, लेकिन यह मेरे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक होगा। वे शक्ति, समर्पण और निष्कपटता के प्रतीक हैं। इतना बड़ा प्रोजेक्ट सफल हो, इसके लिए हम सभी को दर्शकों के आशीर्वाद की जरूरत है।
हनुमान की गैरमौजूदगी से सोशल मीडिया पर उठे सवाल

जैसे ही सनी देओल को भगवान हनुमान के किरदार में कास्ट किए जाने की घोषणा हुई थी, तभी से दर्शक उनके पहले लुक का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन ट्रेलर में उनकी एक झलक भी न मिलने से कई प्रशंसकों ने अपनी निराशा सोशल मीडिया पर खुलकर जाहिर की।

एक यूजर ने लिखा, कास्टिंग शानदार है, विजुअल्स भी बेहतरीन हैं, लेकिन हनुमान जी आखिर कहां हैं? वहीं दूसरे दर्शक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, वीएफएक्स और स्केल कमाल का है, लेकिन चार मिनट के ट्रेलर में इतनी सारी घटनाएं दिखा दी गईं और फिर भी हनुमान की एक झलक नहीं मिली।

एक अन्य फैन ने ट्रेलर के प्रमुख किरदारों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, सबकी पहली झलक मिल गई, बस हनुमान जी को भी दिखा देते तो मजा आ जाता। वहीं एक यूजर ने उम्मीद जताई कि फिल्म के अगले भाग में सनी देओल का हनुमान अवतार बड़े पैमाने पर देखने को मिलेगा और वही फिल्म का सबसे यादगार आकर्षण साबित होगा।

दमदार स्टार कास्ट से सजी है 'रामायण'

'रामायण' का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर किया है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय जैसे कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का संगीत दो विश्वप्रसिद्ध संगीतकार हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है। ट्रेलर को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद अब दर्शकों की उत्सुकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। खासकर सनी देओल के हनुमान अवतार को लेकर लोगों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं, जिनकी पहली झलक देखने का इंतजार अब फिल्म के अगले प्रचार अभियान या रिलीज तक बना रहेगा।