दिग्गज फिल्ममेकर रामगोपाल वर्मा ने कई शानदार फिल्में बनाई हैं। वे अपनी फिल्मों के साथ बेबाक बयानों के लिए भी चर्चाओं में रहते हैं। मुद्दा चाहे जो हो रामू अपनी दिल की बात कह देते हैं, फिर चाहे उस पर जो भी रिएक्शन हो। उन्होंने अब इसी महीने हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई घटना पर रिएक्ट किया है। दरअसल 4 दिसंबर को 'पुष्पा 2 : द रूल' के प्रीमियर के दौरान भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद फिल्म के हीरो अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया था।
रामू ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “हर स्टार को @alluarjun की गिरफ्तारी का कड़ा विरोध करना चाहिए क्योंकि किसी भी सेलिब्रिटी के लिए चाहे वह फिल्म स्टार हो या राजनीतिक स्टार, क्या उनके लिए इतना फेमस होना अपराध है??? मेरी फिल्म ‘क्षण क्षणम’ की शूटिंग के दौरान श्रीदेवी को देखने आई लाखों की भीड़ में से तीन लोगों की मौत हो गई। तो, क्या #तेलंगाना पुलिस अब #श्रीदेवी को गिरफ्तार करने के लिए #स्वर्ग जाएगी???” रामू ने ऐसी कानूनी कार्रवाइयों के पीछे के तर्क की आलोचना की।
उल्लेखनीय है कि अल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें चंचलगुडा सेंट्रल जेल में रात बितानी पड़ी। हालांकि स्थानीय अदालत ने शुरू में 14 दिन की न्यायिक रिमांड का आदेश दिया था। बाद में तेलंगाना हाईकोर्ट ने उन्हें चार हफ्ते के लिए अंतरिम जमानत दे दी। चिक्कडपल्ली पुलिस ने अल्लू और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसके कारण ये भगदड़ हुई थी। दिवंगत महिला फैन का बच्चा फिलहाल वेंटिलेटर पर है।
अल्लू ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए देने का वादा किया है। अल्लू के पिता अल्लू अरविंद ने हाल ही में अस्पताल में बच्चे से मुलाकात की। अरविंद ने कहा था, “बच्चे की हालत में सुधार हो रहा है। संध्या थिएटर के बाहर हुई ये घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं अल्लू की ओर से अस्पताल आया हूं, क्योंकि वे फिलहाल अभी इसलिए अस्पताल नहीं आ सकते हैं, क्योंकि मामला कोर्ट में है।”
मशहूर अभिनेता राम कपूर का बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन देख चौंक गए फैंसराम कपूर छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता हैं। वे ‘कसम से’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ और ‘घर एक मंदिर’ जैसे कई शो से घर-घर में मशहूर हैं और लोगों का प्यार पा रहे हैं। राम अब किसी सीरियल या फिल्म के बजाय किसी और कारण से लाइमलाइट में हैं। दरअसल राम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कुछ फोटो शेयर की हैं, जिनमें उनका गजब का ट्रांसफॉर्मेशन देखने को मिल रहा है। राम ने 42 किलो वजन कम कर लिया है।
फैंस उनका लुक देखकर हैरान हो गए हैं। राम ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “हाय दोस्तों, इंस्टा से थोड़ी देर की अनुपस्थिति के लिए क्षमा करें। मैं खुद पर काफी काम कर रहा था।” इसके बाद राम ने एक और फोटो साझा की, जिसमें वे पत्नी गौतमी कपूर के साथ नजर आए। इस फोटो पर लिखा हुआ है, “42 किलो वजन कम किया।’ बता दें इससे पहले भी साल 2019 में राम ने अपने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन से सबको आश्चर्य में डाल दिया था।
तब उन्होंने 30 किलो वजन घटाया था। उस समय उन्होंने इंटरमिटेट फास्टिंग डाइट की थी। राम ने टीवी के साथ ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘हमशक्ल’, ‘कार्तिक कॉलिंग कार्तिक’ समेत कई मूवी में भी काम किया है। उनकी पिछली फिल्म इसी साल सितंबर में रिलीज हुई ‘युद्धरा’ थी। इसमें सिद्धांत चतुर्वेदी, राघव जुयाल और मालविका मोहनन की अहम भूमिकाएं थीं।