2 News : इनकी बायोपिक में राजकुमार ने ली सुपरस्टार की जगह, मनोज ने अनुराग को दी चुनौती, कहा-इन 21 नामों में से 1 चुनें और…

राजकुमार राव को उनकी जबरदस्त एक्टिंग के लिए जाना जाता है। पिछले कुछ समय से आई उनकी सभी फिल्मों ने लोगों का दिल जीता है। राजकुमार अलग-अलग तरह के रोल निभाने के लिए जाने जाते हैं। कह सकते हैं कि उन्हें टाइपकास्ट होने के बजाय खुद के साथ एक्सपरिमेंट करना पसंद है या फिर चुनौतियों का सामना करने में मजा आता है। फिलहाल राजकुमार अपनी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'भूल चूक माफ' के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसमें उनके साथ वामिका गब्बी हैं। लोगों को इसका ट्रेलर बहुत अच्छा लगा और वे बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। फिल्म 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

इस बीच राजकुमार एक बड़ी फिल्म को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं जिसमें पूर्व में सुपरस्टार आमिर खान नजर आने वाले थे। राजकुमार को यह फिल्म आमिर के हटने के बाद मिली है। बताया जा रहा है कि फिल्म को 'स्त्री 2' फेम दिनेश विजान बना रहे हैं और राजकुमार से उनकी बातचीत चल रही है। आमिर क्राइम और टेरेरिज्म मामलों के मशहूर वकील उज्जवल निकम की इस बायोपिक में नजर आने वाले थे लेकिन किसी कारण से उन्होंने अपने कदम खींच लिए। अब लीड रोल राजकुमार निभा सकते हैं।

आमिर को कोविड 19 से पहले बायोपिक ऑफर की गई थी और वे तब इसमें काम करने के लिए रोमांचित थे। हालांकि आमिर बतौर निर्माता अभी भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े रह सकते हैं। निकम की बात करें तो वे एक महशूर वकील हैं और उन्होंने कई बड़ी आतंकी घटनाओं से संबंधित केस लड़े हैं। इनमें गुलशन कुमार मर्डर केस, गेटवे ऑफ इंडिया ब्लास्ट, साल 1993 में हुए मुंबई सीरियल ब्लास्ट और 26/11 जैसे कई हमले शामिल हैं। साल 2016 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। राजकुमार की पिछली फिल्म पिछले साल आई हॉरर कॉमेडी ड्रामा ‘स्त्री 2’ थी जो ब्लॉकबस्टर रही थी।

मनोज मुंतशिर ने कहा, अनुराग कश्यप आपकी आय और जानकारी दोनों सीमित हैं…

फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने हाल ही ब्राह्मण समाज को लेकर विवादास्पद और असंवेदनशील टिप्पणी की। इससे पूरे देश में उनका विरोध हो रहा है। इस बीच मशहूर लेखक मनोज मुंतशिर ने भी अनुराग पर गुस्सा निकाला है। मनोज ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें मनोज ने कहा कि अगर आपकी आय कम है, तो अपने खर्चों पर लगाम रखें। अगर जानकारी कम है, तो कृपया शब्दों पर लगाम रखें। अनुराग कश्यप आपकी आय और जानकारी दोनों सीमित हैं। ब्राह्मण विरासत को एक इंच भी गंदा करने की क्षमता नहीं है।

हालांकि जैसा कि आपने अपनी इच्छा जाहिर की है, मैं आपके घर कुछ तस्वीरें भेजता हूं, उन्हें देखकर आप तय कर लीजिएगा कि अपना गंदा पानी किस पर डालना चाहते हैं। मनोज ने चंद्रशेखर तिवारी आजाद, बाजीराव बल्लाड, भगवान परशुराम, अटल बिहारी वाजपेयी, तात्या टोपे, राजगुरु, परमवीर कैप्टन मनोज पांडे, बाल गंगाधर तिलक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, रानी लक्ष्मीबाई, महाकवि कालिदास, गोस्वामी तुलसीदास समेत 21 महान व्यक्तियों के नाम लेकर कहा कि तुम्हारे जैसे अनगिनत नफरती खत्म हो जाएंगे, लेकिन हमारी गौरवशाली विरासत नहीं।

मैं आपको खुली चुनौती देता हूं। मेरे द्वारा दिए गए 21 नामों में से एक नाम चुनें और मैं आपको उनकी फोटो भेजता हूं। अगर आप अपने शब्दों पर अमल करने की हिम्मत नहीं रखते हैं, तो सही होगा कि आप अपनी सीमा में रहना सीख लें। बता दें कि अनुराग ने अनंत महादेवन की फिल्म 'फुले' की रिलीज पर हो रही देरी पर निराशा जताई थी। इसको लेकर की गई पोस्ट में उन्होंने ब्राह्मणों पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। हालांकि वे माफी मांग चुके हैं।