2 News : राजकुमार की फिल्म ‘मालिक’ की रिलीज डेट आई सामने, शिल्पा ने बेटी को इस अंदाज में किया बर्थडे विश

एक्टर राजकुमार राव काफी प्रतिभावान अभिनेता हैं। वे अब तक के करिअर में विविध भूमिकाएं निभा चुके हैं। खास बात ये है कि फैंस को उनका हर किरदार पसंद आता है। राजकुमार के लिए पिछला साल शानदार रहा। उनकी चारों फिल्में ‘श्रीकांत’, ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’, ‘स्त्री 2’ और ‘विक्की विद्या का वो वाला वीडियो’ लोगों का ध्यान खींचने में सफल रहीं। इनमें सबसे ज्यादा सफलता कॉमेडी हॉरर मूवी ‘स्त्री 2’ के हिस्से में आई। इसके लिए श्रद्धा कपूर के साथ राजकुमार को भी खूब वाहवाही मिली।

राजकुमार से जुड़ी ताजा खबर ये है कि वे अब एक्शन अवतार में धमाल मचाने को तैयार हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘मालिक’ की रिलीज डेट अनाउंस कर दी गई है। पिछले सा फिल्म की घोषणा हुई थी और तब से ही फैंस में इसके लिए क्रेज नजर आ रहा था। राजकुमार का पहला पोस्टर जारी कर बताया गया था कि ‘मालिक’ की शूटिंग शुरू हो गई है। अब फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है।

आज शनिवार (15 फरवरी) को इसका पोस्टर जारी कर रिलीज डेट का खुलासा कर दिया गया। राजकुमार गाड़ी के ऊपर खड़े होकर हाथ में बंदूक लिए गुस्से में नजर आ रहे हैं। मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “पूरे परदेस और देश पर राज करने आ रहे हैं मालिक।” यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह एक गैंगस्टर ड्रामा है, जिसमें पहली बार राजकुमार गैंगस्टर की भूमिका में दिखेंगे।

फिल्म में मेधा शंकर, अनिल झमाझम और ऋषि राज भसीन की भी अहम भूमिका है। टिप्स फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘मालिक’ का डायरेक्शन पुलकित कर रहे हैं। राजकुमार के अन्य प्रोजेक्ट की बात करें तो उनके पास ‘स्त्री 3’, ‘भूल चूक माफ’ और ‘टोस्टर’ भी है। ‘भूल चूक माफ’ 10 अप्रैल को थिएटर्स में दस्तक देगी। माना जा रहा है कि ‘टोस्टर’ भी इसी साल रिलीज होगी।
शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की बेटी समीषा हुईं 5 साल की

एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी व बिजनेसमैन राज कुंद्रा की बेटी समीषा शेट्टी आज शनिवार (15 फरवरी) को 5 साल की हो गई हैं। शिल्पा ने समीषा के नाम खास पोस्ट शेयर की है। शिल्पा ने समीषा संग बिताए अब तक के लम्हों का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो की शुरुआत में समीषा लड़खड़ाते कदमों के साथ मां की ओर बढ़ती दिख रही हैं। समीषा गुनगुना भी रही हैं। इसके साथ ही वह कभी मां के लिए पापा से लड़ती तो कभी मस्ती करती नजर आ रही हैं।

शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, “मेरी प्यारी राजकुमारी समीषा, तुम हमें बहुत खुशी देती हो! मुझे चुनने के लिए धन्यवाद-मैं इस जीवन में तुम्हारी मां बनकर बहुत खुश हूं। सबसे कूल, होशियार, दयालु और सबसे मजेदार 5 साल की बच्ची को जन्मदिन की शुभकामनाएं और हाई फाइव! हमेशा खुश, धन्य और स्वस्थ रहो।” गौरतलब है कि शिल्पा और राज की साल 2009 में शादी हुई थी। फिर साल 2012 में उनके एक बेटा हुआ था। साल 2020 में शिल्पा सरोगेसी से दूसरी बार मां बनी थीं। शिल्पा अक्सर अपने पति और बच्चों की झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं।