साउथ इंडियन सुपरस्टार रजनीकांत (74) को उनके फैंस भगवान की तरह पूजते हैं। उनका एक अलग ही आकर्षण है। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए हमेशा बेकरार रहते हैं। वे इस समय एक्टिंग से ब्रेक लेकर आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। वे अपने करीबी दोस्तों के साथ हिमालय की तराई में ईश्वर के ध्यान में मग्न हैं। इस यात्रा की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं जो जमकर वायरल हो रही हैं। इनमें से एक में रजनीकांत सड़क किनारे पत्तल पर खाना खाते हुए नजर आ रहे हैं। रजनीकांत शनिवार को ऋषिकेश में स्वामी दयानंद आश्रम गए और स्वामी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने गंगा तट पर ध्यान भी किया और गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रजनीकांत आज रविवार (5 अक्टूबर) को द्वाराहाट गए। रजनीकांत की यात्रा की कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। एक तस्वीर में रजनीकांत सफेद धोती-कुर्ता पहने, सड़क किनारे पत्थर पर रखे डिस्पोजेबल पत्तों के पत्तलों में खाना खा रहे हैं। चारों तरफ सुरम्य पहाड़ियां हैं। पास ही एक कार खड़ी है। कुछ अन्य तस्वीरों में रजनीकांत आश्रम में मौजूद कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं, जबकि एक अन्य तस्वीर में वे एक पुजारी के साथ श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। फैंस इन तस्वीरों पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं।
कुछ यूजर्स तो यह अटकलें भी लगाने लगे कि कहीं रजनीकांत ने संन्यास लेने का फैसला तो नहीं कर लिया। वे चाहते हैं कि रजनीकांत हमेशा फिल्मों के माध्यम से उनका मनोरंजन करते रहें। बता दें रजनीकांत की पिछली फिल्म कुछ समय पहले रिलीज हुई ‘कुली’ थी जिसके डायरेक्टर लोकेश कनगराज थे। फिल्म में नागार्जुन, सौबिन शाहिर, श्रुति हासन, रचिता राम, उपेंद्र, आमिर खान भी अहम किरदार में नजर आए। रजनीकांत इसके बाद नेल्सन दिलीपकुमार की ‘जेलर 2’ की शूटिंग में बिजी हो गए। हाल ही में रजनीकांत ने कंफर्म किया है कि कमल हासन के साथ एक फिल्म पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर अभी तय नहीं हुआ है। दोनों सुपरस्टार कई सालों बाद स्क्रीन शेयर करेंगे।
मुझे नखरे करने वाले एक्टर्स के साथ नैतिकता दिखाने में दिक्कत होती है : करण जौहरकरण जौहर बेहतरीन फिल्में बनाने के साथ अपने मुखर स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में करण ने नखरे करने वाले स्टार्स को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। करण ने कोमल नाहटा के यूट्यूब चैनल पर कहा कि अब वक्त आ गया है, जब सभी प्रोड्यूसर्स को एक साथ आना होगा और इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी। यही सही समय है जब फिल्ममेकर्स को ऐसे एक्टर्स के खिलाफ एकजुट हो होगा, जिससे ये गलत चीजें बंद हो। ये एक फाइनेंशियल दिक्कत से ज्यादा एक्टर्स की नैतिकता की परेशानी बन चुकी है। मुझे नखरे करने वाले एक्टर्स के साथ नैतिकता दिखाने में दिक्कत होती है।
हम पहले से ही ऐसी जरूरतों के लिए एक तय बजट रखते हैं। लेकिन अगर कोई एक्टर इससे अधिक कुछ फैसलिटीज मांगता है, चाहे वह पर्सनल ट्रेनर हो या स्पेशल डाइट, तो इन सबका खर्चा उन्हें खुद उठाना चाहिए, न कि प्रोडक्शन के मत्थे मढ़ देना चाहिए। मैं केवल तब भुगतान करूंगा, जब यह फिल्म के लिए जरूरी होगा, जैसे किसी स्पोर्ट्स ड्रामा के लिए होता है। एक एक्टर के रूप में यह उनका काम है कि वे अच्छे दिखें और इसलिए मुझे नहीं समझ में आता है कि लोग अपने ट्रेनर या डाइट कोच के लिए निर्माताओं से फीस की उम्मीद क्यों करते हैं।
निर्माताओं को एकजुट होने की जरूरत है और एक्टर्स के ऐसे नखरों और तेवर के खिलाफ अब सख्त से सख्त एक्शन लेना ही होगा। इस मुद्दे पर निर्माता और निर्देशकों के बीच अक्सर काफी बात होती है लेकिन सभी एकजुट नहीं हैं। निर्माता बदल जाते हैं। हम अक्सर इन मुद्दों पर बात करते रहते हैं, लेकिन कोई भी इसे आगे नहीं बढ़ाता है। हालांकि अब हम हेयर और मेकअप के बजट को सीमित करके धीरे-धीरे बदलाव लाने की कोशिश में लगे हैं। हम उन्हें पहले ही बता देते हैं कि हम केवल इतना पैसा दे सकते हैं। अगर आपको कुछ अतिरिक्त चाहिए, तो कृपया इसे खुद उसका भुगतान करें। अब कई एक्टर्स ऐसा ही कर रहे हैं, जिसका मैं सम्मान करता हूं।