रितेश देशमुख की ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। मराठी सिनेमा की इस बड़े बजट की फिल्म ने रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना रखा है। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बड़े स्तर पर प्रमोशन के साथ रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और शिवाजी महाराज के प्रशंसकों से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। ओपनिंग डे से ही फिल्म ने कमाई के मामले में मजबूत पकड़ बनाई हुई है और वीकडेज में भी इसका प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा है। अब रिलीज के सातवें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जिन्होंने यह साफ कर दिया है कि ‘राजा शिवाजी’ अभी भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से दौड़ रही है।
सातवें दिन भी बरकरार रहा ‘राजा शिवाजी’ का जलवाफिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक सप्ताह पूरा हो चुका है। शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने शानदार कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की थी। हालांकि वीकडेज में इसके कलेक्शन में हल्का उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद फिल्म लगातार करोड़ों में कमाई करती रही। गुरुवार को फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, फिर भी इसने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।
अगर फिल्म के अब तक के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर नजर डालें तो—पहले दिन फिल्म ने 11.35 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी।
दूसरे दिन इसकी कमाई 10.55 करोड़ रुपये रही।
तीसरे दिन फिल्म ने सबसे ज्यादा 12 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
चौथे दिन कलेक्शन 5.60 करोड़ रुपये रहा।
पांचवें दिन फिल्म ने 4.90 करोड़ रुपये कमाए।
छठे दिन इसकी कमाई 4.25 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
वहीं शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक सातवें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इसी के साथ ‘राजा शिवाजी’ का कुल सात दिनों का नेट कलेक्शन अब लगभग 52.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। मराठी सिनेमा के लिहाज से यह आंकड़ा बेहद शानदार माना जा रहा है।
बजट निकालने की ओर तेजी से बढ़ रही फिल्म‘राजा शिवाजी’ ने अपने पहले ही हफ्ते में 50 करोड़ रुपये का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है और अब यह फिल्म अपने बजट की रिकवरी के बेहद करीब पहुंचती दिखाई दे रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पीरियड ड्रामा को लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत में तैयार किया गया है। ऐसे में फिल्म अब तक अपने बजट का बड़ा हिस्सा निकाल चुकी है और पूरी लागत वसूलने के लिए इसे अभी करीब 23 करोड़ रुपये की जरूरत है।
फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि दूसरे वीकेंड में इसकी कमाई में फिर से उछाल देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि इस शुक्रवार सिनेमाघरों में कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई है, जिसका सीधा फायदा ‘राजा शिवाजी’ को मिल सकता है। कम प्रतिस्पर्धा के चलते दर्शकों की पहली पसंद फिलहाल यही फिल्म बनी हुई है।
उम्मीद की जा रही है कि दूसरे सप्ताह में फिल्म आसानी से अपना पूरा बजट वसूल कर लेगी और इसके बाद मुनाफे की तरफ बढ़ना शुरू कर देगी। जिस तरह से दर्शकों का समर्थन फिल्म को मिल रहा है, उसे देखते हुए यह मराठी सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।