2 News : राघव ने की आर्यन और उनके परिवार की जमकर तारीफ, इमरान के साथ वायरल सीन पर बोले ऐसा

राघव जुयाल (34) ने एक डांसर और कोरियोग्राफर से एक्टर तक का सफर तय कर लिया है। राघव को बतौर एक्टर भी फैंस का काफी प्यार मिल रहा है। वे हाल ही ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में भी चमक बिखेरते नजर आए। उन्होंने इसमें 'परवेज' नाम के लड़के का रोल निभाया है। राघव ने अपने किरदार को लेकर आईएएनएस के साथ खुलकर बात की। राघव ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर अपनी बात कहना भी एक कला है। एक्टिंग के जरिए मैं वो सब कुछ कह पाता हूं, जो आम तौर पर शब्दों में बयां नहीं कर सकता।

'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' जैसे शो के जरिए मुझे कई ऐसे मुद्दों को सामने रखने का मौका मिला, जिन्हें मैं हमेशा महसूस करता आया हूं, लेकिन कभी कह नहीं पाया। मेरे किरदार ने मुझे एक कलाकार के तौर पर आजाद महसूस करवाया। एक तरफ जहां परिवार हमें सही-गलत की समझ देता है, वहीं दोस्तों से हम मस्ती और शरारतें सीखते हैं। असली जीवन मूल्य वही होते हैं जो घर से मिलते हैं। एक इंसान की परवरिश का असर उसके व्यवहार और सोच में साफ दिखता है। आर्यन ने सीरीज से डायरेक्टर के रूप में डेब्यू करने वाले आर्यन खान की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक बेहद समझदार और जमीन से जुड़े इंसान हैं।

वे शाहरुख खान के बेटे जरूर हैं, लेकिन उनमें इस बात का कोई घमंड नहीं है। उनके परिवार का माहौल अपनेपन और संस्कार से भरा है। जब मैं आर्यन के घर गया, तो मुझे नहीं लगा कि मैं किसी बड़े सेलिब्रिटी के घर में आया हूं। वहां का माहौल एक आम भारतीय परिवार जैसा था, बिल्कुल सादगी से भरा। उनका पूरा परिवार बहुत विनम्र है। जब गौरी मैम आईं, तो उन्होंने सबसे पहले खाने के लिए पूछा, फिर काम की बात की।

मैंने खास तौर पर एक बात नोट की कि खान परिवार में बड़े-बुजुर्गों के पैर छूने की परंपरा है, जो उत्तर भारत की एक पुरानी संस्कृति है। यह देखकर मुझे अपने घर की याद आ गई। जब मेरी मां पहली बार आर्यन से मिलीं, तो उन्होंने उन्हें बहुत आदर और स्नेह से गले लगाया। ऐसा व्यवहार सिर्फ अच्छे संस्कारों से ही आता है।
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में इमरान हाशमी से मिलने पर उनका गाना गाते हैं राघव जुयाल

इस बीच सीरीज से राघव और एक्टर इमरान हाशमी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीरीज में राघव की मुलाकात उनके आइडल इमरान से होती है। सीन के दौरान राघव उनकी फिल्म ‘मर्डर’ का गाना ‘कहो न कहो’ गाते हैं। अब फैंस के मुंह पर इस सीन की चर्चा जोरों पर है। राघव ने न्यूज 18 के साथ बातचीत में सीन के बारे में कहा कि बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला। उम्मीद थी मुझे भी और आर्यन को भी कि ऐसा होगा। मैंने असल में खुद पर कड़ी मेहनत की और कुछ नया बनाया। बहुत मजा आया मुझे।

इमरान सर आए और वो सीन हुआ, मैं रोने भी लग गया सीन में! और वो बनते-बनते बन गया ऐसा सीन-बहुत ही दिल से किया मैंने। अगर मैं कॉमेडी करने की कोशिश करता तो अजीब हो जाती, लेकिन दिल से मैंने आंसू निकले और वो गाना गया। मैने अरबी में गाया, मैंने सोचा कि ऐसे मजेदार लगेगा। उल्लेखनीय है कि राघव की पिछले साल 2 फिल्में ‘किल’ और ‘युध्रा’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दोनों में ही उनके अभिनय की तारीफ हुई थी।