2 News : ‘कमीने’ के 16 साल पूरे होने पर प्रियंका ने लिखी यह पोस्ट, राजामौली की SSMB29 पर आई यह Update

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और एक्टर शाहिद कपूर की फिल्म ‘कमीने’ के 16 साल पूरे हो गए हैं। प्रियंका ने इस खास मौके का सोशल मीडिया पर जश्न मनाया और उन दिनों को याद कर फिल्म के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज का आभार जताया। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़े सीन की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर कैप्शन में लिखा, “स्वीटी भोपे (‘कमीने’ में किरदार का नाम)! मियामी फ्लोरिडा में मेरे साथ डायरेक्टर तरुण मनसुखानी थे। ‘दोस्ताना’ की शूटिंग चल रही थी। अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम भी थे। फिल्म का शूटिंग शेड्यूल खत्म होने के बाद एक शाम मुझे विशाल भारद्वाज का कॉल आया।

मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि वो मुझे अपनी फिल्म में लेंगे क्योंकि उस समय मेरी बॉलीवुड में इमेज एक ‘कमर्शियल’ (बॉलीवुड मसाला फिल्मों की) हीरोइन की थी। विशाल ने कहा कि वे मुझसे मिलना चाहते हैं; मैंने उन्हें अपनी लोकेशन बताई और वे मियामी आ गए। उन्होंने यह भी कहा था कि इस किरदार के बाद मेरे लिए कुछ स्पेशल बनाएंगे और फिर हम दोनों ने ‘सात खून माफ’ बनाई, जिसको लेकर मैं काफी एक्साइटेड थी। ‘कमीने’ मेरे करिअर का एक अहम मोड़ था। विशाल भारद्वाज सर का बहुत-बहुत शुक्रिया, जो उन्होंने मुझे यह मौका दिया।

मैंने विशाल सर से बहुत कुछ सीखा — रिसर्च करना, तैयारी करना और फिर किरदार को पूरी तरह निभाना। फिल्म ‘कमीने’ में शाहिद कपूर ने भी डबल रोल में कमाल किया था, साथ ही अमोल गुप्ता भी बेहद शानदार थे। इसी के सेट पर मैंने मुबिना रटोंसी से भी पहली बार मुलाकात की थी। वो भी क्या दिन थे, पूरे 16 साल हो गए! बस सोचा आप सब से ये अनुभव शेयर करूं। क्या आपने ये फिल्म देखी है?” बता दें ‘कमीने’ में जुड़वां भाइयों की आपसी दुश्मनी को एक दिन के घटनाक्रम में दिखाया गया है, जिसमें एक भाई को हकलाने और दूसरे को तुतलाने की समस्या है।
राजामौली की मूवी में हैं महेश बाबू, प्रियंका और पृथ्वीराज सुकुमारन के अहम रोल

‘बाहुबली’ जैसी फिल्म बनाने वाले फिल्ममेकर एसएस राजामौली इन दिनों अपनी फिल्म SSMB29 पर काम कर रहे हैं, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन हैं। इसको लेकर आए दिन कोई न कोई खबर आती रहती है। अब फिल्म की शूटिंग शेड्यूल की जानकारी सामने आई है। इस साल की शुरुआत में फिल्म के कुछ पार्ट की शूटिंग हो चुकी है, जो कि हैदराबाद ओडिशा में हुई है। अब टीम अगले शेड्यूल के लिए पूरी तरह से तैयार है। केन्या में जुलाई में ही शूटिंग होने वाली थी, लेकिन राजनीतिक तनाव की वजह से उस शेड्यूल को कैंसिल करना पड़ गया।

अब फिल्म के प्रोड्यूसर ने अगले शेड्यूल के बारे में जानकारी दी है। प्रोड्यूसर केएल नारायण ने मीडिया से बातचीत में बताया कि शूटिंग सितंबर से शुरू होगी, जो कि अफ्रीका में होने वाली है। तेलुगु123 की एक रिपोर्ट की मानें, तो फिल्म से जुड़े कलाकार और क्रू केन्या की राजधानी नैरोबी और तंजानिया में एक्शन सीन शूट करने वाले हैं। 1000 करोड़ के बजट में बन रही इस फिल्म को इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म माना जा रहा है।

राजामौली फिल्म से जुड़ी कोई भी जानकारी सामने नहीं लाना चाहते, यहां तक कि एक्टर्स के लुक को लेकर भी वो काफी सीक्रेटिव हैं। फैंस को उम्मीद थी कि महेश बाबू के बर्थडे पर फिल्म से जुड़ी कोई जानकारी सामने आएगी, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। फिल्म की पहली झलक नवंबर में देखने को मिलेगी।