प्रियंका चोपड़ा ग्लोबल एक्ट्रेस के रूप में पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी हैं। बॉलीवुड में अपनी चमक बिखेरने के बाद फिलहाल प्रियंका हॉलीवुड में भी अपने हुनर का लोहा मनवा रही हैं। खास तौर से अमेरिकी सिंगर निक जोनास के साथ शादी के बाद से प्रियंका वहीं पर सैटल हो गई हैं और उन्हीं प्रोजेक्ट्स में बिजी हैं। प्रियंका की हिंदी सिनेमा में पिछली फिल्म 2019 में आई ‘द स्काई इज पिंक’ थी। अब खबरें आ रही हैं कि प्रियंका की बॉलीवुड में वापसी होने वाली है। माना जा रहा है कि वह दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म में नजर आ सकती हैं। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर एक थ्रोबैक पोस्ट के साथ इंटरनेट पर हलचल मचा दी।
प्रियंका ने भंसाली की फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ (2013) से अपने डांस नंबर ‘राम चाहे लीला चाहे’ को ट्रिब्यूट दिया। प्रियंका ने इसके कैप्शन में लिखा, “जब संजय सर मेरे पास यह गाना लेकर आए, तो यह एक मुश्किल फैसला था, लेकिन एक फिल्ममेकर के तौर पर उन्होंने मुझे हमेशा प्रेरित किया है। उनका क्रिएटिव दिमाग, लजीज खाने के साथ उनकी पुरानी यादें ताजा करने वाली कहानियां, कला और संगीत से लेकर नृत्य तक की बातचीत…बीते जमाने की खूबसूरती और भविष्य की झलक।
और फिर उन्होंने गाना बजाया…और मुझे एहसास हुआ कि मैं वही हूं। संजय सर के मार्गदर्शन में, रवि वर्मन की सिनेमैटोग्राफी निखर गई और विष्णु देवा की कोरियोग्राफी जादुई थी। डांस सीक्वेंस को परफेक्ट बनाने के लिए मैं और वो रोज लंच ब्रेक में रिहर्सल करते थे। इससे बहुत अच्छी यादें ताजा हो जाती हैं।”
प्रियंका इन दिनों डायरेक्टर एसएस राजामौली की साउथ इंडियन मूवी में भी हैं बिजीहिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका की यह पोस्ट किसी आने वाले प्रोजेक्ट की ओर एक इशारा हो सकता है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि भंसाली के डायरेक्शन में बन रही ‘लव एंड वॉर’ में प्रियंका का स्पेशल एपिरियंस हो सकता है। माना जा रहा है कि प्रियंका का इस फिल्म में एक स्पेशल डांस नंबर होगा। हालांकि मेकर्स की तरफ से इस पर कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है।
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल की अहम भूमिकाएं हैं। वैसे प्रियंका इन दिनों साउथ इंडियन स्टार महेश बाबू और डायरेक्टर एसएस राजामौली के साथ SSMB29 में काम कर रही हैं। इस फिल्म को 1000 करोड़ के बजट के साथ तैयार किया जा रहा है। इसमें प्रियंका नेगेटिव रोल निभाती हुई दिखेंगी। फिल्म के सिलसिले में प्रियंका अक्सर हैदराबाद आती रहती हैं।