2 News : प्रीति ने कहा, सोशल मीडिया पर हर कोई पागल हो गया…, इन्होंने उतारी विक्की की नजर, वीडियो वायरल

एक्ट्रेस प्रीति जिंटा इन दिनों कम ही फिल्मों में नजर आती हैं। वह आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की ऑनर हैं और टूर्नामेंट के दौरान अपनी टीम के मुकाबलों में खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए स्टेडियम में मौजूद रहती हैं। प्रीति अपनी बेबाक राय और बयानों के लिए चर्चाओं में रहती हैं। प्रीति अक्सर हर छोटे-बड़े मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। कुछ समय पहले प्रीति ने ट्वीट कर कहा था कि लोग पागल होते जा रहे हैं। कोई बात या चर्चा नहीं करना चाहता। वे सिर्फ आरोप लगाते हैं या आक्रामक हो जाते हैं।

प्रीति ने लिखा, “सोशल मीडिया पर लोगों को क्या हो रहा है? हर कोई पागल हो गया है। यदि कोई AI बॉट के साथ पहली चैट के बारे में कुछ बात करे, तो लोग मानने लगते हैं कि ये एक पेड प्रमोशन ही है। अगर आप अपने पीएम की सराहना करते हैं तो आप भक्त हैं और भगवान न करे, अगर आप गर्वित हिंदू या भारतीय हैं तो आप अंधभक्त हैं! इसे वास्तविक रखें और लोगों को वैसे ही लें जैसे वे हैं, न कि जैसा हम सोचते हैं कि उन्हें होना चाहिए! शायद हम सभी को शांत होने और एक-दूसरे के साथ संवाद करने में खुश रहने की जरूरत है।

अब मुझसे यह मत पूछिए कि मैंने जीन से शादी क्यों की? मैंने उससे इसलिए शादी की क्योंकि मैं उससे प्यार करती हूं। क्योंकि सीमा पार एक आदमी है जो मेरे लिए अपनी जान दे सकता है। समझिए..अगर आप जानते हैं तो आप जानते हैं…टिंग!” उल्लेखनीय है कि जीन गुडइनफ अमेरिका के लॉस एंजिल्स में रहते हैं और एक बिजनेसमैन हैं। प्रीति ने साल 2016 में शादी की थी। जीन एक फाइनेंस कंसल्टेंसी कंपनी चलाते हैं। प्रीति के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनके खाते में कई सुपरहिट फिल्म हैं। साथ ही उन्हें खान तिकड़ी (आमिर, शाहरुख, सलमान) और अपने समकालीन सभी टॉप हीरो के साथ काम करने का मौका मिला।
‘छावा’ फिल्म के कारण खूब वाहवाही लूट रहे हैं विक्की कौशल

एक्टर विक्की कौशल इन दिनों अपनी फिल्म ‘छावा’ के कारण हर ओर छाए हुए हैं। फिल्म वेलेंटाइन डे के मौके पर 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने कुछ दिनों में ही 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। इसमें विक्की की एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ‘आशा ताई’ विक्की की नजर उतार रही हैं। इस वीडियो को देखने के बाद फैंस इमोशनल हो रहे हैं।

दरअसल विक्की ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घर पर 'नजर उतारी' का एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उनके घर पर लंबे समय से काम करने वालीं ‘आशा ताई’ रस्म निभाते हुए नजर आ रही हैं। विक्की जैसे ही घर में आते हैं तो वह पहले नजर उतारती हैं। विक्की हाथ जोड़कर वहां खड़े रहते हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए विक्की ने लिखा, “आशा ताई ने मुझे बढ़ते देखा है...कद में और जीवन में, दोनों में।

कल उन्होंने छावा देखी और कहा, ‘उभे रहा, नजर उतरी आहे तुमची’ (वहां खड़े रहो मुझे तुम्हारे लिए नजर उतारने की रस्म करने दो) यह हमेशा से उनका प्यार दिखाने और मुझे बुरी चीजों से बचाने का तरीका रहा है। मैं उन्हें अपने जीवन में पाकर बहुत खुश हूं।” फिल्म में विक्की ने छत्रपति संभाजी महाराज का रोल प्ले किया है। इसमें रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, डायना पेंटी, दिव्या दत्ता, विनीत कुमार सिंह के भी अहम रोल हैं।