2 News : 18 करोड़ रुपए कर्ज माफ होने के मामले पर प्रीति ने तोड़ी चुप्पी, इस कॉमेडियन का सोशल मीडिया अकाउंट हैक

एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने साल 2016 में लॉस एंजिल्स बेस्ड फाइनेंस एनालिस्ट जीन गुडइनफ के साथ शादी कर ली थी, जिसके बाद वह विदेश में बस गई थीं। हालांकि प्रीति आईपीएल के दौरान अपनी टीम किंग्स 11 पंजाब’ का हौसला बढ़ाने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। इस बीच कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने प्रीति का 18 करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया था। प्रीति ने अब इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है।

जानकारी के अनुसार न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक ने कई लोगों को कर्ज दिया था तथा कुछ का कर्ज माफ भी कर दिया था। कानूनी टीम ने प्रीति की ओर से कहा कि मेरे पास 12 साल से ज्यादा समय पहले न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के साथ ओवरड्राफ्ट सुविधा थी। वहीं 10 साल से ज्यादा समय पहले मैंने ओवरड्राफ्ट सुविधा के संबंध में पूरी बकाया राशि चुका दी थी और खाता बंद हो गया था। उल्लेखनीय है कि विवाद तब शुरू हुआ जब एक मीडिया रिपोर्ट ने बैंक में बड़े पैमाने पर फाइनेंशियल मिसमैनेजमेंट और कथित भ्रष्टाचार का खुलासा किया। इसके बाद RBI ने इसके संचालन पर सख्ती बरती।

रिपोर्ट के अनुसार बैंक ने 25 करोड़ रुपए तक के कॉर्पोरेट लोन शाखा प्रबंधकों की जानकारी के बिना जारी किए थे। इनमें से कई लोन एक साल के अंदर ही गैर-निष्पादित संपत्तियों (NPAs) में बदल दिए गए थे, जिसकी वजह से कथित तौर पर फंड की हेराफेरी की गई थी। इनमें से ही एक मामले में प्रीति को दिया गया 18 करोड़ रुपए का लोन था, जिसे बिना उचित वसूली प्रक्रिया के 'माफ' कर दिया गया था।

लोन माफी विवाद के बीच प्रीति प्रयागराज में जारी महाकुंभ में पहुंचीं। वहां से उन्होंने अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इममें वह माथे पर तिलक और गले में माला पहने नजर आ रही हैं। प्रीति ने पोस्ट में बताया कि वह सड़क मार्ग से महाकुंभ पहुंचीं और इस पवित्र अवसर का हिस्सा बनकर खुद को धन्य महसूस कर रही हैं। प्रीति की पिछली फिल्म साल 2018 में आई ‘भैय्याजी सुपरहिट’ थी। प्रीति जल्द ही सनी देओल के साथ फिल्म ‘लाहौर 1947’ में नजर आएंगी।
कॉमेडियन और यूट्यूबर तन्मय भट्ट ने फॉलोअर्स से की यह अपील

कॉमेडियन और यूट्यूबर स्टार तन्मय भट्ट का ट्विटर (X) अकाउंट हैक हो गया है। हैकर्स ने उनके अकाउंट से एक फर्जी पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने एक नई मेम कॉइन लॉन्च करने की घोषणा की। इसके बाद तन्मय ने इंस्टाग्राम पर आकर फॉलोअर्स को चेतावनी दी और उन्हें लिंक पर क्लिक न करने के लिए कहा। वो पोस्ट हैकर्स ने उनके अकाउंट से की है।

बता दें कि तन्मय के X से रात करीब 8:20 बजे एक पोस्ट डाली गई, जिसमें हैकर ने लिखा था, “मुझे मेम्स और सोलाना बहुत पसंद है, इसलिए मैंने सोचा कि अब समय आ गया है कि मैं अपनी खुद की क्रिप्टोकरेंसी लॉन्च करूं। डेव सप्लाई लॉक की जाएगी और मैं इस क्रिप्टो को सपोर्ट करने के लिए यूट्यूब रेवेन्यू का यूज करूंगा और इसे अपनी सामग्री में शामिल करूंगा।”

इसके तुरंत बाद तन्मय ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपील की कि “मेरा ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। प्लीज किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। इसे सुधारने की कोशिश कर रहा हूं।” इसके बाद हैकर्स द्वारा किया गया पोस्ट हटा दी गई। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ सालों में कई बड़े-बड़े सेलेब्स के सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक हो चुके हैं और इन अकाउंट्स का उपयोग क्रिप्टो स्कैम्स को प्रमोट करने के लिए किया गया है। तन्मय कुछ दिनों पहले समय रैना व भुवन बाम के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में नजर आए थे।