फेक न्यूज फैलाने पर पूनम पांडे और उनकी पीआर टीम के खिलाफ शिकायत दर्ज, संभावना सेठ ने ऐसे निकाली भड़ास

बोल्ड एक्ट्रेस पूनम पांडे की मौत की खबर ने शुक्रवार (2 फरवरी) को हर तरफ सनसनी फैला दी थी। हालांकि शनिवार को पूनम ने कुछ वीडियो शेयर कर बताया कि वह जिंदा है और उन्होंने सर्वाइकल कैंसर के लिए जागरूकता फैलाने को झूठ का सहारा लिया था। अब पूनम को अपनी झूठी मौत की खबर फैलाना भारी पड़ गया है। पूनम के खिलाफ AICWA के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी।

अब वकील अली काशिफ खान देशमुख ने भी पूनम और उनकी पीआर टीम के साथ एजेंसी हाउटरफाई के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। देशमुख ने आईपीसी की धारा 417,420, 120 बी, 34 के तहत मुंबई के थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पूनम पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के नाम पर देश में फेक न्यूज फैलाने का आरोप है। साथ ही चीप पब्लिसिटी स्टंट करने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में आगे कहा गया है कि पूनम ने अपने फायदे के लिए ऐसा किया है।

एप्लिकेशन हाउटरफ्लाई और उसकी पीआर एजेंसी के साथ मिलकर ये काम किया गया। पूनम को सोशल मीडिया पर भी लोग लताड़ रहे हैं। इससे पहले शनिवार को AICWA ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल के माध्यम से एक बयान जारी किया और न केवल पूनम बल्कि उनकी पीआर टीम के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने पब्लिसिटी स्टंट की निंदा करते हुए तर्क दिया कि फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी इस स्तर तक नहीं गिर सकता।

बयान में कहा गया कि मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे का फेक पीआर स्टंट बेहद गलत है। अपनी पब्लिसिटी के लिए सर्वाइकल कैंसर की आड़ का उपयोग करना स्वीकार्य नहीं है। इस खबर के बाद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में किसी की भी मौत की खबर पर लोग यकीन करने से कतरा सकते हैं। फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी पीआर के लिए इस स्तर तक नहीं गिरता।

पूनम के मैनेजर ने झूठी खबर की पुष्टि की थी, इसलिए निजी लाभ (पीआर) के लिए उनकी मौत की खबर का फायदा उठाने से रोकने के लिए पूनम पांडे और उनके मैनेजर के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए। पूरे देश के साथ-साथ पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
संभावना सेठ ने वीडियो शेयर कर पूनम से पूछा, क्या रेप अवेयरनेस में भी ऐसा ही करेंगी?

डांसर व एक्ट्रेस संभावना सेठ ने पूनम पांडे पर जमकर गुस्सा निकाला है। संभावना ने पूनम पर लोगों के इमोशंस से खेलने का आरोप लगाया। संभावना ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए बताया है कि वह इस समय दुबई में हैं और जब उन्होंने पूनम की मौत की खबर सुनी तो वह काफी डिस्टर्ब हो गई थीं। संभावना ने कहा कि ये किस तरह की पीआर एक्टिविटी है? आपके पीआर ने आपको समझाया नहीं कि ये नहीं करना चाहिए। पूरा मीडिया डिस्टर्ब था।

अवेयरनेस के नाम पर आप करोड़ों लोगों की हेल्थ के साथ खेली हो। कल मेरा पूरा दिन ऐसा रहा कि एक 32 साल की लड़की चली गई। मुझे सपने में भी पूनम की मौत दिखाई दे रही थी। ये एक शर्मनाक हरकत है। अगर हकीकत में आपके साथ कुछ ऐसा हो गया तो कोई यकीन नहीं करेगा।

मैंने अपने पिता को खोया है इसीलिए मुझे लोगों की मेंटल कंडीशन का अंदाजा है। अब पूनम की इस हरकत की वजह से अगर सच में भी किसी की मौत होती है, तो लोग यकीन नहीं करेंगे। इस वीडियो को कैप्शन देते हुए संभावना ने लिखा- “कल अगर रेप अवेयरनेस प्रोग्राम होगा तो आप क्या करने वाली हो, आपको शर्म आनी चाहिए।”