2 News : देखें परिणीति-राघव की हल्दी-चूड़ा सेरेमनी के खास पल, रानी ने इनके साथ लिया सिंदूर खेला का मजा

एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी (आप) नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की शादी को एक महीना हो गया। उनकी शादी 24 सितंबर को उदयपुर में हुई थी। हालांकि शादी समारोहों की तस्वीरें और वीडियो अब भी सोशल मीडिया छाए हुए हैं। कपल भी लगातार शादी की झलकियां दिखाता रहता है। अब परिणीति ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो रीशेयर किया है, जो खूब वायरल हो रहा है।

इसमें दोनों क्यूट लग रहे हैं और उनकी रोमांटिक केमिस्ट्री देखते ही बन रही है। वीडियो में हल्दी और चूड़ा सेरेमनी के अनदेखे पल हैं। दोनों पूरी तरह से एक-दूसरे के प्यार में डूबे हुए हैं। लोग मल-मलकर राघव को हल्दी लगाते नजर आ रहे हैं। परिणीति भी काफी एक्साइटेड दिख रही हैं। दोनों मस्ती कर रहे हैं। एक सीन में परिणीति ने राघव को किस किया। वीडियो में चूड़ा सेरेमनी भी दिखाई गई है। इसमें परिणीति चूड़ा और कलीरा की पूरी रस्म निभा रही हैं।

दोनों के परिवार वाले भी मौज-मस्ती करते दिख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शादी में बॉलीवुड से बहुत ज्यादा सेलेब्रिटी नहीं पहुंचे थे। हालांकि आप के दो दिग्गज नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने जरूर शादी अटैंड की थी। बता दें कि राघव और परिणीति की सगाई मई में हुई थी और तब से ही फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे थे।

विजयदशमी पर सिंदूर खेला की रस्म में जमकर झूमती दिखीं रानी मुखर्जी

फिल्म इंडस्ट्री में मुखर्जी परिवार की दुर्गा पूजा काफी मशहूर है। इसे एक्ट्रेस काजोल और उनकी कजिन बहन रानी मुखर्जी मिलकर आयोजित करती हैं। मंगलवार (24 अक्टूबर) को विजयदशमी के दिन इस पूजा में सिंदूर खेला की रस्म हुई। इस दौरान रानी झूमती दिखीं। इस खेला की रस्म से कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इनमें रानी, रुपाली गांगुली, सुमोना चक्रवर्ती समेत कई सेलेब्स नजर आ रहे हैं।

पंडाल से रानी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो गालों पर लाल रंग लगाए खेला की रस्म निभा रही हैं। उन्होंने गोल्डन कलर की साड़ी पहनी है। बंगाली लुक में वो कयामत ढा रही हैं। रानी ढोलवालों के साथ जमकर झूमती दिखीं। इसके अलावा रानी ने पूजा में आए मेहमानों के साथ खूब फोटो खिंचवाए। एक और वीडियो में रानी, रुपाली के साथ गले मिलती और डांस करती दिखीं। पूजा में सुमोना भी ग्रुप के साथ धुनुची डांस कर रही थीं।