2 News : ‘परम सुंदरी’ के गाने ‘भीगी साड़ी’ में सिद्धार्थ-जान्हवी ने जमाया रंग, ‘द पैराडाइज’ से नानी का नया पोस्टर रिलीज

सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की फिल्म ‘परम सुंदरी’ के लिए फैंस में जबरदस्त क्रेज है। वे इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेकरार हैं। हालांकि उन्हें इसके लिए अब बहुत ज्यादा इंतजार नहीं करना क्योंकि फिल्म 29 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस बीच आज शुक्रवार (8 अगस्त) को इसका रोमांटिक गाना 'भीगी साड़ी' रिलीज कर दिया गया, जिसे देख फैंस की धड़कनें और बढ़ गई हैं। गाने में जान्हवी और सिद्धार्थ की कमाल केमिस्ट्री लग रही है। 'परदेसिया' गाने के बाद यह दूसरा ट्रैक है, जो इस जोड़ी की सिजलिंग केमिस्ट्री को और भी खास बना रहा है।

जान्हवी एक खूबसूरत सफेद साड़ी में नजर आ रही हैं। वह कार से उतरकर बारिश में नाचती हैं और उनकी हर अदा ध्यान खींचती है। सिद्धार्थ उन्हें प्यार भरी नजरों से निहारते हैं। बैकग्राउंड में बरसात के चलते गाने का खुमार और बढ़ जाता है। गाने को अदनान सामी और श्रेया घोषाल ने गाया है। बोल लिखे हैं गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य ने। संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर ने इस ट्रैक को कंपोज किया है। गाने में पुराने बॉलीवुड बारिश के गानों की तरह का टच दिया गया है जिसने दर्शकों को 90 के दशक की फिल्मों की याद दिला दी।

जान्हवी का लुक और उनकी अदाएं देखकर कई फैंस उनकी दिवंगत मां श्रीदेवी की ‘मिस्टर इंडिया’ के आइकॉनिक सॉन्ग ‘काटे नहीं कटते’ को याद कर बैठे। एक यूजर ने लिखा, “पूरी श्रीदेवी 'आई लव यू' वाइब दे रही हैं जान्हवी! वहीं दूसरे ने कहा, “एक पल को लगा कि श्रीदेवी जी को देख रहे हैं। बस मन मोह लिया।” 'परम सुंदरी' एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें नॉर्थ इंडिया के एक लड़के और साउथ की लड़की में प्यार होता है। रिलीजन और कल्चर के डिफरेंस के बीच दोनों की स्टोरी पनपती है और विलेन बनता है उनका परिवार। फिल्म को तुषार जलोटा ने डायरेक्ट किया है और दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
नानी के साथ ‘दसरा’ जैसी फिल्म बना चुके श्रीकांत ओडेला हैं ‘द पैराडाइज’ के डायरेक्टर

साउथ इंडियन स्टार नानी की मूवी ‘द पैराडाइज’ का नया पोस्टर आज शुक्रवार (8 अगस्त) को रिलीज कर दिया गया। इसके जरिए उनके किरदार का खुलासा किया गया है। फिल्म के डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला हैं, जो नानी के साथ ‘दसरा’ जैसी रियल और जमीन से जुड़ी ब्लॉकबस्टर बना चुके हैं। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “पेश है द पैराडाइज से द नेचुरल स्टार नानी का किरदार जदल।” नानी एक दमदार, सख्त और पूरी तरह बदले हुए रूप में दिख रहे हैं।

उनका यह लुक बोल्ड, अलग और रोंगटे खड़े कर देने वाला है। फिल्म में बारीकी से की गई क्रिएटिव डिटेलिंग चर्चा का विषय है। नानी और श्रीकांत एक बार फिर साथ आए हैं। इस फिल्म की दमदार कास्ट में राघव जुयाल भी शामिल हो गए हैं, जो एक अहम किरदार निभा रहे हैं। अपनी बहुमुखी प्रतिभा और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाने जाने वाले राघव की एंट्री से फिल्म में एक और दिलचस्प रंग जुड़ गया है। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंद्र ने कंपोज किया है। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ 26 मार्च 2026 को बड़े पर्दे पर धूम मचाने आ रही है।

इसे 8 भाषाओं (हिंदी, तेलुगु, तमिल, इंग्लिश, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम) में रिलीज किया जाएगा। तेलुगु सिनेमा के नेचुरल स्टार कहे जाने वाले नानी ज़बरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे। फिल्म में इनके करेक्टर का नाम ‘जदल’ होगा। जैसा कि मेकर्स पहले ही खुलासा कर चुके हैं कि फिल्म में नानी एक वेश्या के बेटे की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में मोहन बाबू, सोनाली कुलकर्णी और राघव भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।