पंकज त्रिपाठी के पिता का 99 साल की उम्र में निधन, सूचना मिलते ही एक्टर पटना रवाना

एक्टर पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी का निधन हो गया है। पंकज के पिता ने 99 साल की उम्र में बिहार के गोपालगंज में आखिरी सांस ली। सूचना मिलते ही पंकज मुंबई से पटना के लिए रवाना हो गए। वे रात तक गांव पहुंच जाएंगे। पंकज एक्टिंग करिअर की वजह से मुंबई ही रह रहे हैं, जबकि उनके माता-पिता गोपालगंज में रहते हैं।

पंकज के पिता के निधन का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। मीडिया की खबरों के अनुसार वे बीमार थे। कुछ रिपोर्टों में उनकी उम्र को उनके निधन का कारण बताया गया है। परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें लिखा था, “भारी मन से यह पुष्टि करनी पड़ रही है कि पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी अब नहीं रहे। उन्होंने 99 साल का स्वस्थ जीवन जीया। उनका अंतिम संस्कार आज उनके करीबी परिवार के बीच किया जाएगा।”

पंकज ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके पिता उनके पास मुंबई सिर्फ एक बार आए थे। उन्हें पंकज के एक्टिंग करिअर के बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं थी। यहां तक की उन्होंने पंकज की कोई फिल्म थिएटर में नहीं देखी थी।

अक्षय कुमार ने ट्वीट कर जताया दुख

आपको बता दें कि पंकज हाल ही में अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘ओमजी 2’ में नजर आए थे। 11 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म 100 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा चुकी है और इसमें पंकज के काम की भी सराहना हो रही है। इस बीच अक्षय ने पंकज के पिता की मौत पर दुख जताते हुए एक्टर को सांत्वना दी है। अक्षय ने ट्वीट कर लिखा, “मेरे मित्र और सह कलाकार पंकज त्रिपाठी के पिताजी के देहांत के समाचार से बहुत दुख हुआ। मां-बाप की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता। प्रभु उनके पिताजी की आत्मा को अपने चरणों में जगह दें। ओम शांति।”