भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर पाकिस्तान में शोक, इमरान खान सरकार के मंत्री ने कहा- उनके जैसा कोई नहीं

92 साल की उम्र में लता मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया। कोरोना और निमोनिया के चलते 8 जनवरी को लता मंगेशकर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। 'भारत रत्न' लता मंगेशकर के निधन से भारत के साथ-साथ पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी शोक की लहर है। पकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी, नेता प्रतिपक्ष शहबाज शरीफ समेत कई फैंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि दी है।

मंत्री फवाद ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

फवाद ने पोस्ट शेयर कर लिखा, 'एक महान शख्सियत नहीं रहीं। लता मंगेशकर सुरों की रानी थीं जिन्होंने दशकों तक संगीत की दुनिया पर राज किया। संगीत जगत में उनके जैसा कोई न था। उनकी आवाज आने वाले समय में भी लोगों के दिलों पर राज करती रहेगी।'

शहबाज ने लिखा, 'लता मंगेशकर के निधन से संगीत की दुनिया ने एक ऐसी गायिका खो दी है, जिसने अपनी सुरीली आवाज से पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध किया है। मेरी पीढ़ी के लोग उनके खूबसूरत गीतों को सुनकर बड़े हुए हैं, जो हमेशा हमारी स्मृति का हिस्सा रहेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'