एक रहस्यमयी ऐप जो हर इच्छा पूरी करती है, लेकिन हर ख्वाहिश के बदले लेती है जान; नेटफ्लिक्स की नई हॉरर सीरीज वीकेंड के लिए परफेक्ट चॉइस

वीकेंड आते ही ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर नई कंटेंट की तलाश शुरू हो जाती है और इस बार नेटफ्लिक्स ने दर्शकों के लिए एक बेहद डरावनी लेकिन दिलचस्प सीरीज पेश की है। अगर आप हॉरर और थ्रिलर के शौकीन हैं तो यह शो आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए। खासकर कोरियन ड्रामा देखने वालों के लिए यह सीरीज इसलिए भी खास है क्योंकि पहले ‘All of Us Are Dead’ और ‘Sweet Home’ जैसी सीरीज ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया था। अब इसी कड़ी में एक नया नाम जुड़ गया है—‘If Wishes Could Kill’, जो टीन ड्रामा, टेक्नोलॉजिकल हॉरर और मिस्ट्री का अनोखा मिश्रण लेकर आया है।

‘If Wishes Could Kill’ की कहानी क्या है?


इस 8 एपिसोड की सीरीज की कहानी कुछ स्कूल स्टूडेंट्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है जब वे एक रहस्यमयी और जानलेवा मोबाइल एप डाउनलोड कर लेते हैं। इस एप का नाम है ‘जिरिगो’, जो सुनने में जितना साधारण लगता है, असल में उतना ही खतरनाक है।

यह एप यूजर की हर इच्छा पूरी करने की क्षमता रखता है, लेकिन इसके लिए एक डरावनी शर्त होती है। यूजर को अपना एक वीडियो रिकॉर्ड कर के अपनी इच्छा बतानी होती है, और कुछ ही समय में वह इच्छा पूरी हो जाती है। लेकिन इसके बाद शुरू होता है असली खेल—24 घंटे का एक काउंटडाउन, जो सीधे मौत की ओर ले जाता है। जैसे ही यह समय खत्म होता है, इच्छा मांगने वाले व्यक्ति की रहस्यमयी तरीके से मौत हो जाती है।
सीरीज कैसी है और क्या खास है?

अगर बात करें इसकी प्रस्तुति की, तो शुरुआती एपिसोड थोड़े धीमे नजर आते हैं और कहानी धीरे-धीरे आगे बढ़ती है। लेकिन जैसे ही इस खतरनाक खेल की परतें खुलती हैं, कहानी बेहद रोमांचक और सस्पेंस से भरपूर हो जाती है। हर एपिसोड के साथ डर और रहस्य दोनों और गहराते जाते हैं।

सीरीज में कोरियाई शमनवाद (shamanism) का भी दिलचस्प उपयोग किया गया है, जहां कुछ पात्र इस अभिशाप को समझने और रोकने की कोशिश करते हैं। कहानी में यह मोड़ इसे और भी रहस्यमयी और गहरा बना देता है।

हालांकि अंत में कहानी पूरी तरह खत्म नहीं होती, बल्कि दूसरे सीजन के संकेत भी साफ नजर आते हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ जाती है कि आगे इस डरावने खेल का क्या अंजाम होगा।