स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी मौजूदा दौर में मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना चेहरा बन चुका है। मुनव्वर ने पिछले साल की शुरुआत में ‘बिग बॉस 17’ का खिताब जीता था। इसके बाद से उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। वे सोशल मीडिया स्टार बन चुके हैं। इस बीच मुनव्वर ने हाल ही में अपने दर्दनाक बचपन और निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें साझा कीं, जिन्हें सुनकर कोई भी इमोशनल हो सकता है। मुनव्वर ने यूट्यूबर प्रखर गुप्ता के साथ बातचीत में कहा कि शुरुआत में मुझे अपने पापा से बहुत गुस्सा था लेकिन जब मैंने उन्हें देखा…मैंने उस गुस्से को छोड़ दिया।
मम्मी के जाने के 2 साल बाद पापा को पैरालिटिक अटैक आया और उनका 80% शरीर लकवाग्रस्त हो गया। वो पूरे 11 साल तक उसी हालत में रहे। मैं उन्हें विलेन समझता था, लेकिन आखिरकार वो मेरे पिता थे। आप खुद को समझाने लगते हो कि हां, उन्होंने कुछ गलत किया था…लेकिन उन्हें उसका फल भी मिला। वो भी तो भुगत रहे हैं। फिर एक वक्त ऐसा आता है जब आप खुद से सवाल करते हो-'इस इंसान से मैं नफरत कैसे करूं?' उसकी जिंदगी में सिर्फ मैं ही था। वहीं से माफ करने की भावना आई और फिर धीरे-धीरे हर चीज को जाने देने की आदत बन गई। अब कुछ असर नहीं करता।
मेरी मां ने अपनी 22 साल की शादी में बहुत कुछ सहा। मम्मी को कभी अपने परिवार से कोई सराहना नहीं मिली। वो बहुत सहनशील थीं, लेकिन सब्र की भी एक हद होती है। मैं तब सिर्फ 13 साल का था। सुबह किसी ने मुझे उठाया और बताया कि मम्मी हॉस्पिटल में हैं। जब मैं पहुंचा, तो पता चला कि उन्होंने जहर खा लिया था। मेरे परिवार ने किसी को ये बात नहीं बताई कि उन्होंने जहर खाया था। क्यों नहीं बताया, ये आज तक नहीं समझ पाया। एक नर्स जो मम्मी के मायके की जानकार थीं, उन्हें मैंने बताया। तब जाकर उन्हें तुरंत इमरजेंसी रूम में शिफ्ट किया गया…लेकिन वो बच नहीं सकीं।
मुनव्वर और मेहजबीन ने मई 2024 में की थी शादीमुनव्वर ने अपनी दूसरी पत्नी मेहजबीन कोटवाला संग अपने रिश्ते पर भी बात की। मुनव्वर ने कहा कि ‘बिग बॉस’ के बाद मुझे बेहिसाब अटेंशन मिल रही थी और उस पल में मैंने सोचा कि मैं क्या कर रहा हूं? मैं केवल एक इंसान से प्यार पाना चाहता था और मुझे एक परिवार चाहिए। ये सही समय है शादी कर लेनी चाहिए। मेहजबीन मेरी लाइफ में आईं और हमने शादी करने का तय किया और उसके बाद, हमें प्यार हुआ। मैं बहुत खुशकिस्मत हूं और मुझे खुशी है कि मैंने यह फैसला लिया।
बता दें मुनव्वर-मेहजबीन की शादी मई 2024 में हुई थी। मेहजबीन के पहली शादी से एक बेटी है। इसी तरह मुनव्वर के भी पहले रिश्ते से एक बेटा है जिसका नाम मिकाइल है। अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए मुनव्वर ने कहा कि मेरे जीवन में उस अनुभव के बाद, मैं एक विलेन के जैसा हो गया था। मैं दुनिया से नफरत करने लगा था। मैं सोचने लगा था सब मतलबी हैं और सब कुछ अस्थायी है। मानसिक तौर पर मैं उस जगह पर हूं। अगर मैं थैरेपी की बात करूं तो मेरे लिए नमाज ही थैरेपी है। इन दिनों मुनव्वर 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे के साथ कलर्स टीवी पर कपल रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ होस्ट कर रहे हैं।