‘संवार लूं’ और ‘मोह मोह के धागे’ सहित कई लोकप्रिय व हिट गानों को अपनी आवाज से सजाने वालीं मशहूर गायिका मोनाली ठाकुर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। कहा जा रहा है कि मोनाली और उनके पति स्विस रेस्टोरेंट मालिक माइक रिक्टर की शादी ठीक नहीं चल रही है और दोनों तलाक लेने वाले हैं। हालांकि मोनाली और माइक ने अभी तक अपने तलाक की खबरों को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। इस बीच मोनाली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने नए गाने की एक झलक जारी की, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने पति से अलग होने के पीछे की वजह बताई है।
मोनाली ने एक दिल दहला देने वाली स्टोरी शेयर की जो उनके म्यूजिक वीडियो 'एक बार फिर' की झलक है। इन विजुअल्स में मोनाली को ऐसे डिस्ट्रेसिंग सीन में दिखाया गया है जो इमोशनल और फिजिकल शोषण को दर्शाते हैं, जिसमें गला घोंटने के पल भी शामिल हैं। मोनाली ने इस गाने को अपना अब तक का सबसे पर्सनल गाना बताया। उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “द रीजन।” ऐसे में लोगों को लग रहा है कि मोनाली सीधे तौर पर बताने के बजाय इशारों में तलाक के संकेत दे रही हैं।
गाने की शुरुआत में मोनाली कहती दिख रही हैं, “जब कोई अपना जख्म देता है। यकीन तोड़ता है, तो दिल सारी दुनिया से मुंह मोड़ लेता है।” मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोनाली की शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही है। यह अटकलें तब शुरू हुईं जब मोनाली ने माइक को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया। फिलहाल न तो मोनाली और न ही माइक ने इन अफवाहों पर पब्लिकली कोई कमेंट किया है।
मोनाली ठाकुर ने साल 2017 में की थी माइक रिक्टर के साथ शादीहिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार मोनाली और माइक के एक करीबी सूत्र ने बताया कि इन सालों में उनके बीच बहुत कुछ बदल गया है। अब कोई भी उनके बारे में एक कपल के रूप में बात नहीं करता। लॉन्ग डिस्टेंस की शादियाँ अक्सर ऐसे ही अंत का सामना करती हैं। मोनाली ने माइक को अनफॉलो कर दिया है। सोशल मीडिया से कट-ऑफ निश्चित रूप से एक खतरे की घंटी है।
हो सकता है कि वह आगे आकर इस पर बोलने के लिए सही समय का इंतजार कर रही हों और यह सही भी है।मोनाली और माइक ने साल 2017 में एक इंटीमेट फंक्शन में शादी की थी और सालों तक इसके बारे में चर्चा नहीं की। साल 2020 में मोनाली ने ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में इस खबर का खुलासा किया।