2 News : मोहम्मद रफी के बेटे ने लता-आशा पर साधा निशाना, मोनालिसा ने पिता के निधन पर शेयर किया इमोशनल नोट

दिवंगत मोहम्मद रफी को भारतीय सिनेमा के महान गायकों में शुमार किया जाता है। रफी ने हिंदी फिल्मों में ढेरों यादगार गीतों को अपनी मधुर आवाज से सजाया। लोग आज भी उनके गाने सुनकर अभिभूत और मोहित हो जाते हैं। हाल ही में रफी के बेटे शाहिद रफी ने एक इंटरव्यू में कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। शाहिद ने पत्रकार विक्की लालवानी को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि दिवंगत गायिका लता मंगेशकर और उनकी छोटी बहन आशा भोसले, को उनके पिता से जलन थी। शाहिद ने आरोप लगाया कि दोनों बहनों ने मिलकर रफी साहब का करिअर बर्बाद करने की कोशिश की।

शाहिद ने कहा कि उन दोनों को अब्बा की लोकप्रियता से चिढ़ थी इसलिए उन्होंने उनका करिअर रोकने की कोशिश की। जब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में सबसे ज्यादा गाने गाने वाले सिंगर के तौर पर अब्बा का नाम दर्ज होना था, तब लता जी ने उसमें दखल दिया और दावा किया कि उन्होंने ज्यादा गाने गाए हैं। इसके बाद अब्बा ने उस मामले को आगे नहीं बढ़ाया, बस गाते रहे। शाहिद ने आशा के एक पुराने बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि रफी साहब की आवाज में रेंज नहीं थी। इस पर शाहिद बोले कि आप विद्वान हो, शर्म करो।

इस उम्र में इस तरह की बातें मत करो। मेरे पिताजी की आवाज में रेंज की कमी बताना गलत है। वो हर मूड और हर सिचुएशन के हिसाब से गा सकते थे-चाहे वो रोमांस हो, देशभक्ति हो या दर्द। आवाज को मॉड्यूलेट करना भी एक कला होती है। आप बूढ़ी हो गई हो, अपने बारे में बात करो। मुझे इन बातों को कहने में झिझक नहीं है। मैंने लताजी को उनके निधन से पहले ही यह बात साफ कह दी थी। मेरे पिता और लता जी के बीच व्यक्तिगत बातचीत नहीं होती थी। हालांकि एक समय ऐसा आया जब एक्ट्रेस नरगिस और संगीतकार जयकिशन के कहने पर पिताजी ने लता जी को माफ कर दिया था।

इसके बाद दोनों ने एक साथ एक स्टेज शो में परफॉर्म भी किया था। शाहिद ने कहा कि 1960 के दशक में मेरे पिता अपने चरम पर थे। उन दिनों उनके पास हमारे लिए भी समय नहीं था। मैं कभी बर्दाश्त नहीं करूंगा कि कोई मेरे पिता के बारे में बुरा बोले। मैं चुप नहीं रहूंगा, चाहे वह कोई भी हो। मेरे पिता मेरे पिता थे और मैं जानता था कि उनका क्या रुख है। उल्लेखनीय है कि रफी का 1980 में 55 साल की उम्र में निधन हो गया था। लता ने साल 2022 में 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। आशा (91) ने फिल्मों में गाना बंद कर दिया है और वह कभी कभार किसी पार्टी समारोह में नजर आती हैं। लता और आशा ने रफी के साथ कई लोकप्रिय युगल गीत गाए हैं।
मोनालिसा ने लिखा, अब मुझे आपके जन्मदिन की शुभकामनाएं, किराने का सामान…

भोजपुरी सिनेमा और टेलीविजन की जानी-मानी एक्ट्रेस मोनालिसा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बुधवार (3 सितंबर) को उनके पिता का निधन हो गया। मोनालिसा ने इस दुखद खबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए प्रशंसकों के साथ शेयर किया है। उन्होंने पिता के साथ बिताए खास पलों को याद करते हुए एक इमोशनल नोट लिखा। मोनालिसा ने अपनी भावनाओं का इजहार कर लिखा, “मेरे प्यारे बाबा, आप सबसे मजबूत और खुशमिजाज थे। कल आप हमें छोड़कर स्वर्ग चले गए।

आपकी आंखों में आखिरी पल तक भी जिंदगी थी। मैं केवल हमारी खुशी की यादें संजोना चाहती हूं, क्योंकि आप हमेशा मस्ती, नाच, खाना और पार्टी करना पसंद करते थे। अब मुझे आपके जन्मदिन की शुभकामनाएं, किराने का सामान, खाने का ऑर्डर या मोबाइल रिचार्ज नहीं मिलेगा। यह कमी हमेशा खलेगी। मैं आपसे हमेशा प्यार करूंगी। मुझे पता है कि आप मुझे रोते हुए नहीं देखना चाहेंगे। शांति से आराम करें, बाबा। आपकी मुन्नी।” मोनालिसा अपने पिता के बेहद करीब थीं।

वह अक्सर उनके बारे में बात करती थीं और उनके साथ अपनी खास यादें शेयर करती थीं। बता दें कि मोनालिसा का असली नाम अंतरा बिस्वास है। वह 'बिग बॉस 10' और 'नच बलिए 8' जैसे रियलिटी शो में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 'नजर' और 'नमक इश्क का' जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया है। हाल ही में वह वेब सीरीज 'जुड़वा जाल' में डबल रोल में दिखी थी।