सारा अली खान और आदित्य रॉय कपूर की फिल्म 'मेट्रो इन दिनों' को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। आखिरकार अब इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। अनुराग बसु इसके डायरेक्टर हैं। फिल्म इस साल 4 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। पहले यह फिल्म सितंबर में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख पहले कर दी गई है। मेकर्स ने आज बुधवार (12 मार्च) को ऑफिशियली इसकी नई रिलीज डेट की घोषणा की है। फिल्म के निर्माता टी-सीरीज की ओर से एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए फिल्म की नई रिलीज डेट के बारे में जानकारी शेयर की गई है।
अपनी पोस्ट में टी-सीरीज ने फिल्म की स्टार कास्ट की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “जब प्यार, किस्मत और शहरी जीवन आपस में टकराते हैं तो जादू होना तय है। ‘मेट्रो इन दिनों’ आपके पसंदीदा शहरों से दिल की कहानियां लेकर आ रही है। इसे अपने नजदीकी सिनेमाघरों में 4 जुलाई से देखें।” फिल्म में सारा-आदित्य के साथ पंकज त्रिपाठी, अनुपम खेर, नीना गुप्ता, अली फजल और फातिमा सना शेख जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसमें हर किरदार एक अलग कहानी लेकर आएगा।
फिल्म का प्लॉट शहरी जिंदगी में बदलते रिश्तों पर आधारित है। इसमें आज के समय के मॉडर्न रिलेशनशिप, इमोशन और इंसानी कनेक्शन को बखूबी दिखाया जाएगा। ‘मेट्रो इन दिनों’ की घोषणा साल 2022 में की गई थी। फिल्म का संगीत प्रीतम ने दिया है। अनुराग की फिल्में इमोशनल टच और रियलिस्टिक अप्रोच के लिए जानी जाती हैं। ‘मेट्रो इन दिनों’ को साल 2007 में आई फिल्म 'लाइफ इन ए मेट्रो' का सीक्वल माना जा रहा है।
हालांकि इसकी कहानी पूरी तरह से अलग होगी लेकिन थीम उसी तरह की होगी जिसमें महानगरों की जिंदगी और रिश्तों की पेचीदगियों को दिखाया जाएगा। फिल्म की रिलीज डेट बताते हुए अनुराग और प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा कि यह फिल्म हर दर्शक के दिल को छू जाएगी। कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस, दिल छू लेने वाली कहानियां और दमदार संगीत इस फिल्म की जान होंगे।
माधुरी की मां ने दो साल पहले आज ही के दिन दुनिया से ली थी विदाई‘धक-धक गर्ल’ के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित ने कई सालों तक बॉलीवुड में अपना जादू चलाया है। लोग उनकी खूबसूरती, अदाकारी और डांस के दीवाने थे। 90 के दशक में माधुरी ने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्मों की सौगात दी। माधुरी ने हाल ही जयपुर में आयोजित आईफा अवॉर्ड्स में प्रस्तुति दी थी। अब माधुरी एक इमोशनल पोस्ट के कारण सुर्खियों में हैं।
माधुरी की मां स्नेहलता दीक्षित की मौत को आज बुधवार (12 मार्च) को 2 साल पूरे हो गए हैं। ऐसे में माधुरी ने अपनी मां को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की है। माधुरी ने उनकी तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। माधुरी अपनी मां के बेहद करीब थीं। माधुरी ने कैप्शन में लिखा, “तुम्हारे बिना दो साल हो गए हैं और एक भी दिन ऐसा नहीं जाता जब मैं तुम्हें याद न करूं। तुम्हारा प्यार, तुम्हारी बुद्धिमानी और तुम्हारी मौजूदगी हर पल फील होती है। हमेशा मेरे दिल में, मां।”
बता दें कि स्नेहलता ने 90 साल की उम्र में साल 2023 में दुनिया को अलविदा कह दिया था। माधुरी अक्सर मां को लाइफ और करिअर दोनों में ही उनका मार्गदर्शन करने के लिए श्रेय देती हैं। माधुरी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भावुक हो गए। कई लोगों ने अपनी भावनाएं साझा कीं और माधुरी को हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी। कुछ लोगों ने लिखा, “मां कभी जाती नहीं, बस अदृश्य हो जाती हैं। वे हमेशा आपके साथ हैं।”