एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन का शुक्रवार (1 अगस्त) को जन्मदिन था, जिसे उन्होंने धूमधाम से सेलिब्रेट किया। इस खास अवसर पर कपल ने लोनावला में अपने दोस्तों के लिए शानदार पार्टी रखी थी। पार्टी में विक्की और अंकिता के साथ कई टीवी स्टार्स शामिल हुए। एक्ट्रेस मनीषा रानी ने सोशल मीडिया पर इसकी झलक शेयर की है। मनीषा ने इंस्टाग्राम की स्टोरी पर पार्टी से कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। इनमें मनीषा कभी विक्की संग डांस करती दिखीं तो कभी एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश और निया शर्मा के साथ सेल्फी लेती हुई नजर आईं।
उनके ये वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। पार्टी से और भी कई वीडियो इंटरनेट पर धूम मचा रहे हैं। इनमें शालीन भनोट, ईशा मालवीय, समर्थ जुरैल, अभिषेक कुमार, निया समेत कई टीवी स्टार्स विक्की के बर्थडे का जश्न मनाते हुए दिखे। सभी ने पार्टी में अलग-अलग गानों पर जमकर डांस भी किया। निया ने भी पार्टी से कई तस्वीरे इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। इनमें वो अंकिता और विक्की के साथ पूल में मस्ती करती हुई दिखाई दी थी। निया और अंकिता का ग्लैमरस अवतार देखने को मिला।
पार्टी में अंकिता संग ‘पवित्र रिश्ता’ में काम करने वाली एक्ट्रेस शामिल हुई थीं। इससे पहले अंकिता ने इंस्टाग्राम पर विक्की के साथ रोमांटिक फोटो शेयर कर उन्हें बर्थडे विश किया था। उल्लेखनीय है कि अंकिता और विक्की हाल ही खत्म हुए कलर्स टीवी के कुकिंग कॉमेडी रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स 2’ में नजर आए थे। फैंस को यह जोड़ी काफी पसंद आती है। दोनों ने ‘बिग बॉस 17’ में खूब रंग जमाया था।
रानी मुखर्जी को ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ के लिए मिला है पुरस्कारमशहूर एक्ट्रेस रानी मुखर्जी को साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के नेशनल फिल्म अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। रानी करीब तीन दशक से बॉलीवुड में एक्टिव हैं। रानी ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर की है। रानी ने कहा कि मैं बहुत खुश और इमोशनल हूं। संयोग से ये मेरे 30 साल के करिअर का पहला नेशनल अवार्ड है। एक एक्टर के तौर पर मुझे कई शानदार फिल्मों में काम करने का मौका मिला है और लोगों ने मुझ पर बहुत प्यार बरसाया है।
मैं ये खुशी फिल्म की पूरी टीम, मेरे प्रोड्यूसर निखिल आडवाणी, मोनिशा और मधु, मेरी डायरेक्टर असीमा छिब्बर और सभी को समर्पित करती हूं जिन्होंने इस खास प्रोजेक्ट पर काम किया, जो मां की मजबूती को दिखाता है। मैं अवार्ड दुनिया की सभी बेहतरीन माओं को समर्पित करती हूं। मां का प्यार और अपने बच्चों को बचाने की ताकत सबसे खास होती है। फिल्म में एक भारतीय मां अपने बच्चे के लिए पूरे देश से लड़ गई, इस कहानी ने मुझे बहुत छुआ। एक मां का प्यार नि:स्वार्थ होता है, मैंने ये खुद मां बनने के बाद महसूस किया।
मैं फिर से दुनियाभर में अपने सभी फैंस को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने पिछले 30 सालों में हर मुश्किल और अच्छे वक्त में मेरा साथ दिया। आपने मेरे हर रोल, हर कहानी को अपनाया। आपके बिना मैं आज यहां नहीं होती। रानी के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वह जल्द ही अपनी हिट फ्रेंचाइजी ‘मर्दानी’ का तीसरा पार्ट लेकर आ रही हैं। फिल्म अगले साल 27 फरवरी को रिलीज होगी।