अभिनेता मनोज बाजपेयी असीम प्रतिभा के धनी माने जाते हैं। नॉन फिल्मी बैकग्राउंड और छोटी सी जगह पर पले-बढ़े मनोज आज अपनी एक्टिंग के दम पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खास जगह बना चुके हैं। लोगों को उनका अंदाज बहुत पसंद आता है और उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग बन गई है। मनोज को चाहने वालों को उनके हर प्रोजेक्ट का इंतजार रहता है। वे इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'इंस्पेक्टर जेंडे' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में मनोज के साथ जिम सर्भ भी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इस बीच आज सोमवार (25 अगस्त) को इसका ट्रेलर रिलीज हो गया।
इसमें मनोज पुलिस अधिकारी की भूमिका में खूब जंच रहे हैं। ट्रेलर में मनोज, जिम की तलाश में हैं। फिल्म में वह 'स्विमसूट किलर' का किरदार निभाएंगे। 2 मिनट 32 सैकंड के ट्रेलर में दिखाया जाता है कि कैसे एक आम पुलिस अधिकारी, असंभव से दिखने वाले केस को अपनी हिम्मत और जुगाड़ से सुलझाने के प्रयास करता है। ट्रेलर देख यह कहा जा सकता है कि फिल्म में आपको एक्शन-कॉमेडी दोनों का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। इस फिल्म में भालचंद्र कदम, सचिन खेड़ेकर, गिरिजा ओक और हरीश दुधाड़े जैसे कलाकार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म के डायरेक्टर चिन्मय डी मंडलेकर है, जबकि ओम राउत निर्माता हैं। इस फिल्म का मजा 5 सितंबर से OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर लिया जा सकेगा। मनोज फिल्म को लेकर कहा कि इसकी जो बात मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती है, वह यह है कि वो कभी प्रसिद्धि के पीछे नहीं भागा। वह बस अपना काम कर रहा था, फिर भी उसने सबसे कुख्यात अपराधियों में से एक को दो बार पकड़ा। उसकी बहादुरी, हास्य और मुंबई का अनोखा अंदाज उसकी यात्रा को वाकई प्रेरणादायक बनाता है।
उनसे मिलना ऐसा लगा जैसे मैं किसी कहानी की किताब में कदम रख रहा हूं, जहां जिंदगीभर की कहानियां हैं। उनका किरदार निभाने से मुझे एक ऐसी दुनिया में गोता लगाने का मौका मिला जो जितनी मनोरंजक है उतनी ही कठिन भी। ट्रेलर तो बस एक झलक है, फिल्म आपको सीधे उसके केंद्र में ले जाती है। मुझे खुशी है कि उनकी कहानी को आखिरकार वह प्रसिद्धि मिल रही है जिसकी वो हकदार हैं।
सिनेमाघरों में इस दिन रिलीज होगी दिव्या और नील की फिल्म ‘एक चतुर नार’एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार और एक्टर नील नितिन मुकेश पिछले कई दिनों से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘एक चतुर नार’ को लेकर खबरों में हैं। हाल ही फिल्म का नया पोस्टर सामने आया था। इसमें नील हाथ में पिस्तौल लेकर दिव्या के सिर पर तानते नजर आए। दिव्या के हाथ में मोबाइल है, जिसकी स्क्रीन पर रुपए की फोटो दिख रही है। फिल्म कॉमेडी-सस्पेंस से भरपूर है। अब मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर की शुरुआत में नदी और नाले किनारे वाली बस्ती दिखाई गई है।
इनमें से दिव्या नाले किनारे से एक गरीब परिवार से हैं और पैसों के लिए हर तरीके का काम कर रही हैं। दूसरी ओर, नील बड़े बिजनेसमैन हैं, जो ‘अभिषेक’ के रोल में नजर आ रहे हैं। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब नील का फोन खो जाता है और वो दिव्या को मिलता है, फिर वो उसे ब्लैकमेल करती हैं। फिर कैसे दोनों अपनी-अपनी चतुराई से ये खेल खेलते हैं, ये देखना रोचक होगा।
फिल्म की कहानी पैसे, लालच, चालाकी और धोखाधड़ी जैसे ट्विस्ट से भरी होगी। फिल्म में छाया कदम, सुशांत सिंह, रजनीश दुग्गल, जाकिर हुसैन, यशपाल शर्मा, हेली दारूवाला, रोज सरदाना और गीता अग्रवाल शर्मा भी हैं। इस फिल्म का डायरेक्शन उमेश शुक्ला ने किया है और यह सिनेमाघरों में 12 सितंबर को रिलीज की जाएगी।