बर्थडे पर पंकज त्रिपाठी ने दी डिनर पार्टी, दोस्तों को किया इनवाइट, मनोज बाजपेयी ने यूं जताया आभार

बेहतरीन एक्टर पंकज त्रिपाठी ने रविवार (5 सितंबर) को अपना 45वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर पंकज ने अपने दोस्तों को डिनर पर बुलाया। इसमें पंकज जैसे ही एक और मंझे हुए एक्टर मनोज बाजपेयी भी शामिल हुए। ऐसे में मनोज ने सोशल मीडिया पर इस पार्टी को लेकर खुशी जाहिर की है। मनोज ने पंकज और उनकी पत्नी मृदुला की होस्टिंग की भी तारीफ की।

डिनर में एक्टर विनीत कुमार भी शामिल हुए। मनोज ने एक फोटो शेयर की, जिसमें वे पंकज और विनीत के साथ नजर आ रहे हैं। मनोज ने लिखा कि मेरे पुराने सीनियर और दोस्तों विनीत और हमारे प्यारे पंकज के साथ एक शानदार शाम। उनके घर में मछली भात के लिए। पंकज और मृदुला कमाल के होस्ट हैं। फिर जल्दी मिलना होगा मीट भात के लिए।


पंकज ने भी मनोज के लिए जाहिर किया प्यार

पंकज ने भी अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा कि आज मन भावन हुआ है, जेठ में सावन हुआ है। (हमारे मनोभाव थे आप दोनों अग्रजों को घर पर देखकर। मनोज बाजपेयी अब अगिला तारीख के प्रतीक्षा में बानी भैया। उल्लेखनीय है कि दोनों कलाकारों का संबंध बिहार से है। वे कई मौकों पर एक-दूसरे के प्रति सम्मान जाहिर कर चुके हैं। कपिल के शो में तो मनोज को देख पंकज काफी भावुक हो गए थे। उन्होंने बताया था कि वे मनोज की अदाकारी के कितने बड़े फैन हैं। बॉलीवुड में आमतौर पर जमे-जमाए एक्टर्स और एक्ट्रेसेज के रिश्तेदारों और मुंबइकर्स की ही धमक देखने को मिलती है। ऐसे में मनोज और पंकज का यह मुकाम हासिल करना तारीफ ए काबिल है।

पंकज ने वीडियो शेयर कर फैंस को कहा थैंक्स, रन थी पहली फिल्म

पंकज त्रिपाठी को बर्थडे पर पूरे दिन चाहने वालों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से बधाई मिलती रही। फैंस ने उनके दिन को बहुत खास बना दिया। अब पंकज ने एक वीडियो के माध्यम से सभी को तहे दिल से धन्यवाद दिया है। वीडियो शेयर करते हुए पंकज ने लिखा, धन्यवाद दोस्तों। बहुत बहुत धन्यवाद। मैं आपका बहुत आभारी हूँ।” इस वीडियो में उन्होंने बताया कि वे अपने जन्मदिन पर शूटिंग में व्यस्त थे और सभी से इतना प्यार पाकर बहुत कृतज्ञ हैं। उन्होंने कुछ लोगों को रिप्लाई किया लेकिन सभी को रिप्लाई नहीं कर पाए।

उन्होंने बताया कि आज वे जो भी हैं अपने फैंस के प्यार की बदौलत ही हैं। वे हमेशा अपने चाहने वालो को अच्छी फिल्मों और कहानियों के माध्यम से एंटरटेन करते रहेंगे। पंकज ने साल 2004 की शानदार फिल्म रन में एक बहुत छोटे रोल से बॉलीवुड का सफर शुरू किया था। साल 2012 में आई फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर से उन्हें पहचान मिली। हाल ही वे फिल्म 'मिमी' में नजर आए थे। अब वे '83', 'बच्चन पांडे', 'फुकरे' के थर्ड पार्ट और OMG- ओह माई गॉड 2 में दिखेंगे।