Main Vaapas Aaunga Box Office Day 14: दिलजीत दोसांझ की फिल्म का जलवा बरकरार, गुरुवार को भी हुई दमदार कमाई

12 जून बॉक्स ऑफिस के लिए बेहद अहम साबित हुआ, क्योंकि इस दिन एक साथ कई बड़ी फिल्मों ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता', दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' एक ही दिन रिलीज हुईं। तीनों फिल्मों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा की उम्मीद थी, लेकिन दर्शकों की सबसे ज्यादा पसंद इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी 'मैं वापस आऊंगा' बनकर उभरी। रिलीज के दो सप्ताह बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। आइए जानते हैं कि 14वें दिन फिल्म ने कितना कारोबार किया और अब तक इसकी कुल कमाई कितनी हो चुकी है।

14 दिनों में फिल्म ने किया शानदार प्रदर्शन

इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी 'मैं वापस आऊंगा' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 14 दिन पूरे हो चुके हैं। शुरुआत से ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है। इसकी कहानी, निर्देशन और कलाकारों की दमदार अदाकारी को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में भावनात्मक कहानी और प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अहम भूमिका निभाई है।

दिलजीत दोसांझ समेत पूरी स्टारकास्ट के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है। इम्तियाज अली ने एक बार फिर अपने खास निर्देशन शैली से दर्शकों का दिल जीतने में सफलता हासिल की है। यदि कमाई की बात करें तो फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये के साथ अपनी शुरुआत की थी। अब 14वें दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने गुरुवार को 2.30 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 34.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

पहला सप्ताह: 12.25 करोड़ रुपये
दूसरा सप्ताह: 22.50 करोड़ रुपये
14वां दिन (गुरुवार): 2.30 करोड़ रुपये
कुल नेट कलेक्शन: 34.75 करोड़ रुपये

कई बड़ी फिल्मों के बीच भी कायम है दबदबा

'मैं वापस आऊंगा' में दिलजीत दोसांझ, शरवरी, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही फिल्म का मुकाबला कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट' से हुआ। वहीं, पहले से सिनेमाघरों में चल रही वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' और राम चरण व जाह्नवी कपूर की 'पेड्डी' भी टिकट खिड़की पर अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं।

इतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद 'मैं वापस आऊंगा' लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। दूसरे सप्ताह में भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है, जो दर्शाता है कि दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता अभी भी बरकरार है। यदि आने वाले दिनों में यही रफ्तार जारी रहती है, तो फिल्म जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर सकती है।