‘महावतार नरसिम्हा’ ने मचाया तहलका, 12 दिनों में पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा

एनीमेशन सिनेमा की दुनिया में एक नया इतिहास रचते हुए ‘महावतार नरसिम्हा’ ने खुद को उन फिल्मों की कतार में खड़ा कर लिया है, जिनका नाम सुनते ही सफलता की गूंज सुनाई देती है। बिना किसी बड़े स्टार या भव्य प्रमोशन के, यह फिल्म केवल दर्शकों की सराहना और जुबानी प्रचार के दम पर बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ रही है।

जहाँ इसकी रिलीज के समय किसी को इसकी सफलता का अंदाजा तक नहीं था, वहीं अब यह फिल्म 12 दिन में ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर चुकी है, और उसका सफर यहीं नहीं रुकने वाला।

भीड़ के बीच चमका छुपा सितारा

25 जुलाई को रिलीज हुई ‘महावतार नरसिम्हा’, जब सिनेमाघरों में उतरी, तब तक लोगों की निगाहें ‘सैयारा’ जैसी चर्चित फिल्मों पर टिकी थीं। लेकिन, नरसिम्हा ने बिना शोर-शराबे के दर्शकों का ध्यान खींचना शुरू किया। दिन बीतते गए, और वीकडेज में भी इस फिल्म की कमाई में कोई गिरावट नहीं आई।

जहाँ बड़े बजट की फिल्में भी वीकडेज में थकने लगती हैं, ‘महावतार नरसिम्हा’ का जोश दिन-ब-दिन बढ़ता ही गया।

12वें दिन की कमाई ने पार किया शतक

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने 12वें दिन ₹7.75 करोड़ की जबरदस्त कमाई की, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹106.05 करोड़ हो गया। यह प्रदर्शन खुद में एक रिकॉर्ड जैसा है, खासतौर पर तब जब फिल्म का कुल बजट सिर्फ ₹15 करोड़ रहा हो।

कम बजट और सीमित प्रचार के बावजूद मिली ये सफलता, निर्माताओं के लिए जबरदस्त मुनाफा लेकर आई है।
नरसिम्हा सिर्फ शुरुआत है – आ रही है पूरी फ्रेंचाइजी

इस अभूतपूर्व सफलता से उत्साहित होकर निर्माताओं ने 'महावतार' सीरीज को एक मेगा फ्रेंचाइजी में तब्दील करने का फैसला किया है। अगले 10 वर्षों में महावतार की 6 और किस्सागाथाएं बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने वाली हैं।

यह रही आगामी फिल्मों की लिस्ट और रिलीज़ डेट:


महावतार परशुराम – 2027

महावतार रघुनंदन – 2029

महावतार द्वारकाधीश – 2031

महावतार गोकुलानंद – 2033

महावतार कल्कि (भाग 1) – 2035

निर्माताओं ने इन फिल्मों को लेकर उत्साह ज़ाहिर किया है और वादा किया है कि हर अगली कड़ी पहले से भी ज्यादा भव्य, गहराईपूर्ण और दर्शनीय होगी।

'महावतार नरसिम्हा' सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक नई सिनेमाई सोच की शुरुआत है — जो दिखाता है कि भारत में पौराणिक कहानियाँ, यदि सही तरीके से प्रस्तुत की जाएँ, तो वह न केवल दर्शकों के दिल जीत सकती हैं बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी कहर बरपा सकती हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले समय में इस एनिमेटेड पौराणिक सिनेमा यूनिवर्स का जादू कितना और चलता है। लेकिन फिलहाल, 'महावतार नरसिम्हा' ने साबित कर दिया है कि कंटेंट ही असली किंग है।