महाभारत मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट, अभिनय को लेकर संशय, बतौर निर्माता करूंगा फिल्में: आमिर

हिन्दी सिनेमा के बेहतरीन अदाकारों में शुमार आमिर खान इन दिनों अपने एक साक्षात्कार को लेकर काफी चर्चाओं में हैं। इस साक्षात्कार में जहाँ उन्होंने अपनी वर्ष 2001 में प्रदर्शित हुई फिल्म लगान को लेकर कई खुलासे किए वहीं उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट महाभारत को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता पैदा कर दी है।

हिंदी सिनेमा के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान की फिल्मों का दर्शक बेसब्री से इंतजार करते हैं। भले ही वे कम फिल्मों में नजर आते हों लेकिन उनके काम को दर्शक बहुत पसंद करते हैं। आमिर खान को उनके फिल्मों के सिलेक्शन, सोशल मुद्दों को उठाने और बेहतरीन एक्टिंग के लिए खूब तारीफ मिलती है। लेकिन उनकी पिछली फिल्म 2022 में रिलीज हुई लाल सिंह चड्ढा कुछ खास नहीं चली जिसके बाद से आमिर किसी फिल्म में नजर नहीं आए। पिछले कुछ समय से वे अपने ड्रीम प्रोजेक्ट 'महाभारत' को लेकर चर्चा में थे और अब उन्होंने इसके बारे में बात की और जानकारी दी।

'महाभारत' को लेकर क्या बोले आमिर

'महाभारत' आमिर का ड्रीम प्रोजेक्ट है, हाल ही में एक इंटरव्यू में आमिर ने इस बारे में बात करते हुए कहा, 'महाभारत बनाना मेरा सपना है, इसलिए शायद अब मैं उस बारे में सोच पाऊंगा, देखते हैं इसमें मेरा कोई किरदार होगा या नहीं'। आमिर ने बस इतना कहकर 'महाभारत' के लिए एक्साइटमेंट पैदा कर दी है। खान ने आगे कहा, 'बतौर एक्टर मैं एक बार में एक ही फिल्म करना चाहता हूं, लेकिन प्रोड्यूसर के तौर पर मैं और भी फिल्में कर सकता हूं। अगले महीने मैं 60 साल का हो जाऊंगा लेकिन आगे अभी 10-15 साल तक काम करुंगा और नए टैलेंट को मौका दूंगा'।

इसी इंटरव्यू में आमिर ने कहा कि उन्हें बच्चों से जुड़ा कंटेंट बहुत पसंद हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा लगता है कि भारत में बच्चों से जुड़ा कंटेंट कम बनता है। काफी सारा कंटेंट विदेश का होता है जो यहां डब होता है। इसीलिए मैं यहीं बच्चों के लिए ओरिजिनल बनाना चाहता हूं'।
आमिर खान पिछली बार 'लाल सिंह चड्ढा' में नजर आए थे, जो 2022 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में लीड रोल करने के साथ ही आमिर ने इसे प्रोड्यूस भी किया था। यह फिल्म ऑस्कर विनिंग हॉलीवुड फिल्म फॉरेस्ट गंप का हिंदी रीमेक थी, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी। इसके अलावा उन्होंने अपनी एक्स वाइफ किरण राव के साथ 'लापता लेडीज' भी प्रोड्यूस की थी जिसे क्रिटीक्स और दर्शकों की खूब सराहना मिली। आमिर की अपकमिंग फिल्म बतौर प्रोड्यूसर लाहौर 1947 है जिसमें सनी देओल लीड रोल में नजर आएंगे। इसे राजकुमार संतोषी निर्देशित कर रहे हैं।