बजट कम, कंटेंट दमदार! 29 करोड़ में बनी, बॉक्स ऑफिस पर कमाए 221.44 करोड़

बॉलीवुड की गलियों में जब भी फायदे की बात होती है, तो अकसर बड़ी-बड़ी स्टारकास्ट और भारी-भरकम बजट की फिल्मों के नाम लिए जाते हैं, लेकिन असली जीत तो तब होती है जब एक सादगी भरी, दिल को छू लेने वाली फिल्म दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ले और कम बजट में भी बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ दे।

कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया था साल 2018 में आई फिल्म ‘बधाई हो’ ने। इस फिल्म ने न केवल दर्शकों को हंसाया, रुलाया और सोचने पर मजबूर किया, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में ये भी दिखा दिया कि अगर कहानी में जान हो, तो न सितारों की जरूरत होती है, न ही करोड़ों की मार्केटिंग की।

एक फिल्म, जिसने ‘फैमिली इमोशन्स’ को मज़ाक में लपेटकर दिलों तक पहुंचा दिया

आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता और गजराज राव जैसे कलाकारों की दमदार अदाकारी से सजी इस फिल्म ने कुछ ऐसा मुद्दा छुआ, जिसे आमतौर पर हमारी सोसायटी में बात करने में भी लोग झिझकते हैं। एक ऐसे बेटे की कहानी, जिसकी मां उम्रदराज़ होने के बावजूद प्रेग्नेंट हो जाती है, और इस स्थिति को लेकर वह शर्म और उलझन के भाव से जूझता है।
मुनाफे का गणित जिसे देख बड़े-बड़े प्रोड्यूसर भी हैरान रह गए

फिल्म का बजट जहां सिर्फ 29 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन 221.44 करोड़ रुपये पहुंच गया। सोचिए, ये फिल्म अपने बजट से लगभग 192.44 करोड़ रुपये ज्यादा कमा गई! शायद फिल्म के मेकर्स ने भी नहीं सोचा होगा कि एक घरेलू मुद्दे पर बनी फिल्म ऐसा धमाका करेगी।

कहानी में था वो अपनापन, जो हर घर की सच्चाई बन गया

फिल्म की सादगी, भावनात्मक जुड़ाव और हल्की-फुल्की कॉमेडी ने इसे हर वर्ग के दर्शक का चहेता बना दिया। जब मां-बाप की निजी जिंदगी पर बात होती है, तो अक्सर बच्चे असहज हो जाते हैं, लेकिन ‘बधाई हो’ ने इसे बड़े ही विनम्र अंदाज में दर्शाया। यही वजह है कि फिल्म सिनेमाघरों में नहीं, लोगों के दिलों में लंबे समय तक टिकी रही।