लता मंगेशकर ने सिंगिंग करियर के 80 साल किए पूरे, K3G फिल्म के इस एक्टर का वीडियो हो रहा वायरल

अपनी मधुर आवाज के कारण गायिका लता मंगेशकर को स्वर कोकिला कहा जाता है। उनके गाने हर पीढ़ी के श्रोता को सुकून देते हैं। एफ रेडियो हो या टीवी हर माध्यम पर लता के गाने लोगों को लुभाते रहते हैं। लता के सिंगिंग करियर को 80 साल पूरे हो चुके हैं। 92 साल की लता ने आज गुरुवार को इस बात का खुलासा अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में किया। उन्होंने लिखा, “16 दिसंबर 1941 को ईश्वर का, पूज्य माई और बाबा का आशीर्वाद लेकर मैंने रेडियो के लिए पहली बार स्टूडियो में 2 गीत गाए थे। आज इस बात को 80 साल पूरे हो रहे हैं।

इन 80 सालों में मुझे जनता का असीम प्यार और आशीर्वाद मिला है, मुझे विश्वास है कि आपका प्यार, आशीर्वाद मुझे हमेशा यूं ही मिलता रहेगा। आपको बता दें कि लता का जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। लता ने 13 साल की उम्र में पहली बार साल 1942 में आई मराठी फिल्म ‘पहली मंगलागौर’ में गाना गाया। हिंदी फिल्मों में उनकी एंट्री साल 1947 में फिल्म ‘आपकी सेवा’ के जरिए हुई। वे अब तक 36 भाषाओं में 50 हजार से ज्यादा गाने गा चुकी हैं। उनका पिछला गाना साल 2015 में निखिल कामत की फिल्म 'डुन्नो वाय 2' से था।
मूवी में शाहरुख-काजोल के बेटे बने जिबरान खान ने यूं जाहिर की भावनाएं

करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म कभी खुशी कभी गम को 14 दिसंबर को 20 साल पूरे हुए हैं। धर्मा प्रोडक्शन के साथ ही सेलेब्स भी इस फिल्म के दो दशक पूरे होने की खुशी में फोटो और वीडियो शेयर कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान और काजोल के बेटे बने कृष यानी जिबरान खान का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिबरान ने एक सीन का रिक्रिएशन किया है। वे एक फेमस डायलॉग को फिर से बोलते नजर आ रहे हैं।

जिबरान ने कैप्शन में लिखा, अगर जिंदगी में कुछ हासिल करना हो, कुछ पाना हो...तो हमेशा पीछे जाकर #K3G देखें, यह फिल्म वह जगह है जहां मुझे कैमरे से प्यार हो गया।” इसके साथ ही जिबरान ने करण और पूरी टीम का धन्यवाद किया है। फैंस जिबरान की सिक्स पैक की बॉडी वाली फोटो काफी पसंद कर रहे हैं।